द फॉलोअप टीम, रांची:
झारखंड के वित्त और खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि 31 मई तक सभी राशन कार्ड धारकों को मई और जून महीने का राशन दिया जायेगा। वित्त मंत्री डॉ. उरांव पार्टी मुख्यालय में राहत और निगरानी समिति स्थित कंट्रोल रूम का जायजा लेने पहुंचे थे। वहीं पत्रकारों से बातचीत में डॉ. रामेश्वर उरांव ने बताया कि राशनकार्ड धारकों को 2 महीने का राशन दिया जाएगा।
सभी जरूरतमंद को मिलेगा राशन
डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि पिछले साल जब लॉकडाउन लगा था तब तात्कालीन केंद्रीय खाद्य आपूर्ति मंत्री रामविलास पासवान ने राशनकार्ड धारकों के अलावा बाकी जरूरतमंद लोगों को भी राशन और भोजन उपलब्ध कराने का फैसला किया था। इस वक्त खाद्य मंत्रालय का प्रभार पीयूष गोयल के पास है। डॉ. उरांव ने कहा कि वो पीयूष गोयल से अपील करेंगे कि प्रत्येक जरूरतमंद को राशन दिया जाये।
पांच किलोग्राम चावल दिया जाएगा
वित्त मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि 21 मई तक प्रदेश के 57 लाख कार्डधारकों सहित 13 लाख नए कार्डधारकों को मई और जून महीने का राशन दिया जायेगा। डॉ. उरांव ने कहा कि सभी कार्डधारकों को पांच-पांच किलोग्राम चावल दिया जायेगा। अन्य गरीब परिवारों को भी सरकार अनाज उपलब्ध कराएगी। वैक्सीनेशन के बारे में वित्त मंत्री ने कहा कि फिलहाल कंपनियों की तरफ से टीका उपलब्ध कराने में असमर्थता जताई गयी है। स्वास्थ्य मंत्री ही ज्यादा जानकारी दे पाएंगे।
प्रवासी श्रमिकों को मिलेगा रोजगार
बैठक में मौजूद कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि 1 मई को मजदूर दिवस है। कोरोना संकट में राज्य वापस लौटे प्रवासी श्रमिकों को कृषि और ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से पंचायत स्तर पर ही रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कालाबाजारी के खिलाफ सरकार कड़ा कदम उठाएगी। सीएम के टीका लगवाने के सवाल पर कहा कि वे भी कोरोना वॉरियर्स हैं। लगातार लोगों के बीच रहते हैं। इसलिए उनको टीका लगवाया गया।