द फॉलोअप टीम
रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में अंडर-17 फीफा वर्ल्ड कप 2021 के लिए चयनित फुटबॉल खिलाड़ियों से मिलने पहुंचे। चयनित खिलाडियों का उत्साहवर्धन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ये बेटियां झारखण्ड की गौरव हैं।हमारी बेटियों ने संक्रमण के दौर में जबरदस्त साहस और धैर्य दिखाया है। अब यह राज्य सरकार की जिम्मेवारी है कि उनके सपनों को साकार करने के लिए उन्हें जरूरी सुविधाएं तथा मार्गदर्शन दिया जाए। उन्होंने कहा कि आपका प्रशिक्षण मेरी नजरों के सामने हो रहा है। आपको हर जरुरी संसाधन उपलब्ध कराया जाएगा। ताकि आप वर्ल्ड कप के दौरान देश का प्रतिनिधित्व कर झारखण्ड का मान बढ़ा सकें।
खेल नीति का लाभ जल्द मिलेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखण्ड में होनहार खिलाड़ियों की कमी नहीं है। राज्य के खिलाड़ियों ने सीमित संसाधनों में देश व राज्य का नाम रोशन किया है। खेल को वर्तमान सरकार बढ़ावा देगी। खेल नीति भी तैयार की जा रही है, जिससे वर्तमान खिलाड़ी, आने-वाले खिलाड़ी और पूर्व खिलाड़ी लाभान्वित होंगे।
खिलाड़ियों का रखा जा रहा है विशेष ध्यान
अंदर-17 फीफा वर्ल्ड कप के लिए चयनित खिलाडी गुमला की पूर्णिमा ने कहा कि संक्रमण काल में हमारा विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इससे पहले गोवा में संक्रमण की वजह से हमारा प्रशिक्षण प्रभावित हुआ, खाने की भी समस्या थी। यहां हमें अच्छे से प्रशिक्षण मिल रहा है।
संक्रमण के कारण वापस लौटी
अगले वर्ष फरवरी-मार्च महीने में प्रायोजित फीफा वर्ल्ड कप 2021 में राज्य की आठ खिलाड़ी शामिल हुयी हैं। ये सभी तैयारी के लिए गोवा में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही थीं। कोरोना संक्रमण की वजह से अंडर -17 महिला फुटबॉल खिलाड़ियों के दल में शामिल झारखण्ड की आठ महिला खिलाड़ी अब अपने घर लौट आई हैं। ये सभी अंडर-17 महिला वर्ल्ड कप खिलाड़ियों की संभावित 26 सदस्य टीम का हिस्सा हैं।