द फॉलोअप टीम, रांची:
मानसून सत्र के तीसरे दिन सदन की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा विधायकों ने स्पीकर को जय श्रीराम अध्यक्ष जी कहा। इस पर नाराज होकर स्पीकर रविन्द्र नाथ महतो ने कहा कि आसन का मजाक मत उड़ाइये, मैं भी इंसान हूं मेरा भी दिल दुखता है। स्पीकर ने कहा कि और भी कोई देवता का नाम लेना है तो ले लीजिए। इस पर भाजपा विधायक भानुप्रताप शाही ने कहा कि देवताओं का नाम लेने में आसन को दिक्कत क्या है। क्या परेशानी है।

हम सभी का भी दिख दुखता है अध्यक्ष महोदय
सीपी सिंह ने कहा कि अध्यक्ष जी आप सदन में सर्वमान्य हैं, लेकिन जब आप एक आंख में काजल और एक आंख में सुरमा लगाते हैं तो हम विधायकों को भी तकलीफ होती है। सीपी सिंह ने याद दिलाया कि कार्यमंत्रणा में तय मुद्दे अगर सदन में नही आते तो यह बहुत ही तकलीफदेह है।

जूता फेंकने वाले आचरण नहीं सिखायें
झामुमो के वरिष्ठ विधायक स्टीफन मरांडी ने कहा कि मैं देख रहा हूँ कि स्पीकर अपने आसन पर दो बार खड़े हो चुके हैं। प्रदर्शन कर रहे विधायकों को चाहिए कि जब स्पीकर खड़े हों तो वह वेल से वापस आकर अपने सीट पर आ जाएं। इस पर भाजपा के विधायकों ने कहा कि आसन के ऊपर जूता फेंकने वाले लोग आचरण नहीं सिखाएं।