logo

पंचायत सचिव अभ्यर्थियों से सीएस ने कहा-एजी से राय लेने के बाद सरकार कोई निर्णय ले पाएगी

1889news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची
झारखंड सरकार के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह के साथ पंचायत सचिव अभ्यर्थियों की वार्ता खत्म हो गई है। प्रोजेक्ट बिल्डिंग में चली इस वार्ता के बाद द फॉलोअप से बात करते हुए प्रतिनिधिमंडल में शामिल पंचायत सचिव अभ्यर्थियों ने कहा कि मुख्य सचिव ने उन्हें आश्वस्त कराया है कि एजी से राय लेने के बाद सरकार मामले में आगे कदम उठाएगी। पंचायत सचिव अभ्यर्थियों ने कहा कि सरकार का रुख पॉजिटिव दिख रहा है, लेकिन आगे की रणनीति हम अपने अन्य साथियों से बात करने के बाद बताएंगे। 

कलश विसर्जित करेगी सरकार
पंचायत सचिव अभ्यर्थी ने जानकारी देते हुए बताया कि धरना स्थल पर जो कलश स्थापना हुई है, अगर ये धरना खत्म करते हैं, तो सरकार पूरे विधि विधान के साथ दुर्गा पूजा के दिन कलश विसर्जन भी कराएगी। फिलहाल मुख्य सचिव ने पंचायत सचिव अभ्यर्थियों को धरना खत्म कर घर वापस जाने का निर्देश दिया है। 

मोरहाबादी मैदान में अभ्यर्थी दे रहे थे धरना 
गौरतलब है कि पंचायत सचिव के 3088 अभ्यर्थी मोरहाबादी मैदान में धरने पर बैठे थे और सरकार से इच्छा मृत्यु की मांग की थी। अभ्यर्थियों का कहना था कि सरकार या तो उनकी नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करे या तो उन्हें इच्छा मृत्यु दे। इस पर संज्ञान लेते हुए मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने वार्ता के लिए पंचायत सचिव के अभ्यर्थियों को बुलाया था।