logo

सीएम ने तमिलनाडु से मुक्त कराई गई 22 लड़कियों को नियुक्ति पत्र सौंपा, जल्द और 8 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा

1860news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची 
राज्य में खनन के अलावा अन्य क्षेत्रों में रोजगार सृजन पर सरकार का विशेष जोर है। इसके लिए अलग-अलग माध्यमों से ज्यादा से ज्यादा लोगों को रोजगार देने के लिए चरणबद्ध तरीके से सरकार आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मंगलवार को तमिलनाडु से मुक्त कराई गई झारखंड की 22 लड़कियों को टेक्सटाइल्स उद्योग से जुड़े मेसर्स किशोर एक्सोर्ट्स, कुल्ही इंडस्ट्रियल एरिया,  ओरमांझी (रांची) में नियोजन को लेकर नियुक्ति पत्र सौंपने के दौरान कही।

सीएम को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया
उन्होंने कहा कि झारखंड में भी कपड़ा उद्योग में व्यापक संभावनाएं है। आनेवाले कुछ दिनों में इस सेक्टर में लगभग आठ हजार लोगों को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां के युवक-युवतियों को अपने ही राज्य में रोजगार देने की इच्छुक कंपनियों को सरकार की ओर से पूरी सहयोग किया जाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री को अरविंद ग्रुप ऑफ कंपनीज की ओर से एक लाख एन-95 मास्क उपलब्ध कराने के सिलसिले में लेटर ऑफ इनटेंट भी सौंपा गया। कार्यक्रम में एसोसिएशन ऑफ एपरैल्स एसोसिएशन की ओर से मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।

'राज्य में ही मिलेगा मजदूरों को रोजगार' 
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड से लाखों की संख्या में लोग रोजगार के लिए दूसरे प्रदेशों का रूख करते हैं, यह सरकार को मालूम नहीं था, लेकिन कोरोना संकट और लॉकडाउन से डरे और भयभीत मजदूर मजबूर होकर वापस अपने राज्य लौटे तो उनके आंकड़े सरकार को प्राप्त हुए। इसके बाद ही सरकार ने निर्णय लिया कि प्रवासी मजदूरों को अपने ही राज्य में रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। इस दिशा में पहल शुरू कर दी गई और अगले दो माह में ज्यादा से ज्यादा लोगों को विभिन्न सेक्टरों में नियोजित किया जाएगा। इसके लिए उद्योग विभाग की ओर से तैयारी शुरू कर दी गई है। 

कई अन्य योजनाएं भी लागू की गईं
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संकट में भी ज्यादा से ज्यादा रोजगार सृजन का काम सरकार के स्तर पर किया जा रहा है। इसके तहत मनरेगा के तहत तीन बड़ी योजनाओं के अलावा शहरी मजदूरों के लिए मुख्यमंत्री शहरी श्रमिक योजना शुरू की गई है। इन योजनाओं के माध्यम से लाखों मानव दिवस सृजित किए जा चुके हैं और आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा।

इन लड़कियों को मिला नियुक्ति पत्र 
मेसर्स किशोर एक्सपोर्ट्स, कुल्ही इंडस्ट्रियल एरिया, ओऱमांझी, रांची में जिन लड़कियों को नियोजित किया गया है, उनमें चतरा की अनिमा एक्का, गुमला की बहलीन केरकेट्टा, हजारीबाग की सुमित्रा टोप्पो, लातेहार की मुनिता कुमारी, संगीता कुमारी, मनमति कुमारी, संगीता कुमारी, बालमणि कुमारी, सुनीता कुमारी, फुलवंती कुमारी, शोभा कुमारी, संगीता कुमारी और रबनीता कुमारी, पलामू की नीपू कुमारी एवं सुमन कुमारी और रांची की उमा कुमारी, नागी कुमारी, सीमा कुमारी, प्रमिला कुमारी,  नेहा मुंडा, रानी कुमारी और सुनीता जरीया शामिल हैं।