logo

सीएम ने दी झारखंड की स्वदेशी सरकारी ब्रांड कंपनी 'पलाश' की सौगात, मार्केटिंग और ब्रांडिंग का जिम्मा उठाएगी सरकार

1539news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को झारखंड को बड़ी सौगात दी। सीएम ने 'ब्रांड झारखंड' के सपनों को साकार करने की दिशा में अभूतपूर्व और ऐतिहासिक कदम उठाया। मुख्यमंत्री ने झारखंड में महिलाओं की श्रम शक्ति का सम्मान करते हुए इनके हुनर को 'ब्रांड' का नाम देकर झारखंड की ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए महाअभियान की शुरूआत कर दी। 

ग्रामीण महिलाओं की श्रमशक्ति को मिलेगी पहचान 
मुख्यमंत्री ने 'पलाश' ब्रांड का शुभारंभ किया। इस सबसे बड़े सरकारी ब्रांड का लाभ अब झारखंड की ग्रामीण महिलायें उठा सकेंगी। झारखंड के गांवों की महिलाएं पापड़, आचार, चावल, सेनिटाइज़र, दाल, समेत कई सामानों का उत्पादन करती है। अब महिलाएं सरकार के पलाश ब्रांड से जुड़कर अपने उत्पादों को देश-दुनिया के बाज़ारों तक पहुंचा सकती हैं। इस ब्रांड की सबसे ख़ास बात ये है कि सरकार इस ब्रांड की मार्केटिंग और ब्रांडिंग का जिम्मा उठाएगी। यानी ये ब्रांड लोगों की जुबान तक कैसे पहुंचे, लोगों के घरों तक कैसे जाए, इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

मार्केटिंग और ब्रांडिंग सरकार करेगी
दरअसल, अब झारखंडी महिलाओं को सिर्फ उत्पादन और मेहनत पर फोकस करना होगा। मार्केटिंग और ब्रांडिंग सरकार करेगी। इस ब्रांड से होने वाला मुनाफ़ा सीधे इन महिलाओं और इनके समूहों को जाएगा। झारखंड के ब्रांड पलाश को आप जल्द ही बाज़ार में पाएंगे। बताया गया कि अपने घरों में उपयोग में आनेवाली खाद्य सामग्रियों और अन्य सामान 'पलाश' ब्रांड का ही खरीदें। इससे ना केवल हमारे झारखंड की ग्रामीण महिलायें स्वावलंबी बनेंगी, बल्कि झारखंड भी आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनेगा। हम अपने झारखंड में भी एक 'ब्रांडेड' कंपनी होने का सपना साकार कर सकते हैं।