logo

चिराग पासवान ने कहा : नीतीश-सुशील को पार्टी का समर्थन नहीं, केंद्र में पीएम को समर्थन

2377news.jpg
द फॉलोअप टीम, पटना:
लोजपा के अध्यक्ष चिराग पासवान ने स्पष्ट कर दिया है कि हम राज्य में नीतीश कुमार को समर्थन नहीं देंगे, लेकिन केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समर्थन जारी रहेगा। बिहार विधानसभा चुनाव अकेले मैदान में उतरी लोजपा को करारी शिकस्त मिली है। पार्टी को बिहार चुनाव में एक सीट से ही संतोष करना पड़ा है। वहीं, पार्टी की हार के बाद लोजपा प्रमुख चिराग पासवान ने कहा है कि हमें 25 लाख लोगों का वोट मिला है, इस तरह बिहार के लोगों ने हमें अपना प्यार दिया है। 

लोजपा को 6 फीसदी वोट मिला
करीब 25 लाख मतदाताओं ने 'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट' पर भरोसा किया और अकेले चुनाव लड़ते हुए हमने 6 फीसदी वोट हासिल किए। हमें पिछलग्गू पार्टी कहा जाता था, जो केवल दूसरे के समर्थन से कुछ कर सकती है। लेकिन हमने साहस दिखाया है। चिराग ने कहा कि नीतीश कुमार और सुशील मोदी के लिए मेरा समर्थन कभी नहीं होगा। अगर वह मेरे राज्य के मुख्यमंत्री बने रहे, तो राज्य स्तर पर मेरा समर्थन नहीं होगा।

लोजपा ने बोगो सिंह को हराया
बिहार चुनाव में चिराग ने नीतीश के खिलाफ मोर्चा खोला और अकेले चुनावी मैदान में उतरने का फैसला किया। पार्टी ने जदयू उम्मीदवारों के खिलाफ प्रत्याशी उतारे। हालांकि, बिहार चुनाव के नतीजे आने के बाद पार्टी को सिर्फ एक सीट पर ही जीत मिली। लोजपा को बेगुसराय की मटिहानी सीट पर जीत मिली। जहां पार्टी प्रत्याशी राजकुमार सिंह ने जदयू के बाहुबली उम्मीदवार बोगो सिहं को हराया। 

ये भी पढ़ें.......

'एनडीए की जीत, पीएम की जीत'
इससे पहले चिराग ने सिलसिलेवार ट्वीट कर पीएम मोदी की तारीफ की और पार्टी का हौसला बढ़ाया। चिराग ने ट्वीट कर लिखा कि बिहार की जनता ने नरेंद्र मोदी जी पर भरोसा जताया है। परिणाम से  साफ है कि भाजपा के प्रति लोगो में उत्साह है। चिराग ने कहा कि सभी लोजपा प्रत्याशी बिना किसी गठबंधन के अकेले अपने दम पर शानदार चुनाव लड़े। पार्टी का वोट शेयर बढ़ा है। पार्टी हर जिले में मजबूत हुई है। इसका लाभ पार्टी को भविष्य में मिलना तय है। उन्होंने कहा कि मुझे पार्टी पर गर्व है कि सत्ता के लिए पार्टी झुकी नहीं। हम लड़े और अपनी बातों को जनता तक पहुंचाया।