logo

सावधान! बिना मास्क घर से बाहर निकलें तो प्रशासन कराएगा कोरोना जाँच

2757news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची 
कोरोना का संक्रमण एक बार फिर देश में बढ़ रहा है। कई राज्यों में रात्रि कर्फ्यू भी लगाया गया है। झारखण्ड में भी कोरोना के फैलाव को रोकने के लिए प्रयास तेज हो गए हैं। अब आप रांची में बिना मास्क के नजर आये, तो जिला प्रशासन कोरोना जाँच कराएगा। इसके लिए रांची के सैनिक मार्केट और खादगढ़ा बीएस स्टैंड में स्टैटिक टेस्टिंग सेंटर बनाया जायेगा। बिना मास्क के मिले लोगों की यहीं पर जाँच होगी। 

  डीसी छवि रंजन ने बैठक में लिया निर्णय 
रांची समाहरणालय में आयोजित बैठक में रांची के डीसी छवि रंजन ने बैठक में यह निर्णय लिया कि बिना मास्क के दिखने वाले व्यक्ति की कोरोना जाँच जरुरी हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में कई महत्वपूर्ण त्योहार बीते हैं। इनमें से कई त्योहार में लोग दूसरे राज्यों से भी लौटे हैं। ऐसे में डीसी ने लोगों से अपील भी की है वे अपना कोरोना जाँच जरूर कराएं। 

रांची में नौ जगह पर करा सकते हैं निःशुल्क जांच 
रांची डीसी छवि रंजन ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर में नौ जगहों पर स्टैटिक टेस्टिंग सेंटर बनाये गये हैं, जहां नि:शुल्क कोरोना जांच की जा रही है। सभी सेंटर में सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक सैंपल कलेक्शन का कार्य किया जायेगा। लोगों को हर हाल में मास्क का उपयोग व सोशल डिस्टैंसिंग मेंटेन करना होगा ।

इन जगहों पर बनाये गये हैं सेंटर :
डोरंडा कॉलेज डोरंडा, गवर्नमेंट कॉलेज कल्याणपुर हटिया, जिला स्कूल शहीद चौक, गवर्नमेंट गर्ल्स स्कूल बरियातू, मौर्या बैंक्वेट हॉल रातू रोड, खादगढ़ा बस स्टैंड कांटा टोली, तरुण विकास स्कूल चुटिया, सदर अस्पताल व टीओपी मोरहाबादी।

ये भी पढ़ें.......

219 नये संक्रमित मिले, दो की मौत
सोमवार को 16591 सैंपल की जांच हुई है और 219 संक्रमित मिले हैं। वहीं 304 ठीक हुए हैं। रांची व धनबाद के एक-एक मरीज की मौत हुई है। अब तक 953 लोगों की मौत हुई है। 107688 संक्रमित मिले हैं और 104533 ठीक हुए हैं। वर्तमान में एक्टिव केस 2202 है। सोमवार को रांची से 68, बोकारो 29, चतरा दो, देवघर 10, धनबाद 13, दुमका तीन, जमशेदपुर 27, गढ़वा चार, गिरिडीह तीन, गोड्डा एक, गुमला दो, हजारीबाग 10, जामताड़ा एक, कोडरमा दो, लातेहार चार, लोहरदगा 11, पलामू आठ, रामगढ़ नौ, साहिबगंज व प. सिंहभूम से चार-चार, सरायकेला तीन व सिमडेगा से एक नये संक्रमित मिले हैं।