logo

मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए भाजपा चलाएगी अभियान

2522news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची 
भारतीय जनता पार्टी 16 नवंबर से 15 दिसंबर तक मतदाता जागरूकता अभियान चलाएगी। जिले के वैसे मतदाता जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उनका नाम जोड़ने का काम चुनाव आयोग संपर्क विभाग के सभी जिला संयोजक अपने-अपने जिला में करेंगे। जिला संयोजक को  जानकारी हेतु सुझाव दिया गया कि संबंधित जिले के उपायुक्त से संपर्क कर विस्तृत जानकारी ले कर जनता के बीच साझा करें। वैसे मतदाता जिनका नाम में सुधार या नाम कटवाना है ऐसे लोगों को भी जागरूक कर इस एक महीने में सुधार करने का प्रयास भाजपा के कार्यकर्ता करेंगे। भाजपा चुनाव आयोग संपर्क विभाग के प्रदेश सह संयोजक सुधीर श्रीवास्तव ने बताया कि यह कार्यक्रम एक अभियान के तौर पर लिया गया है और यह उद्देश्य निश्चित किया गया है कि पूरे राज्य में सभी मतदाता  का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो सके।   



रांची के कोकर चौक पर एक महीना के लिए लगेगा कैंप
जानकारी मिली कि रांची के कोकर चौक पर एक महीने के लिए कैंप लगेगा। इस बीच वैसे लोग जिनका नाम किसी कारणवश वोटर लिस्ट में नहीं जुड़ सका है, वे कैंप में आकर नाम जुड़वा सकेंगे। 28, 29 नवंबर और 5, 6 दिसंबर को हर बूथ पर बी एल ओ मौजूद रहेंगे और भाजपा के कार्यकर्ता उनका सहयोग करेंगे। 1 जनवरी 2021 को जिनका 18 वर्ष पूरा हो रहा है, वैसे मतदाता भी अभी इस अभियान में अपना नाम नए मतदाता के रूप में दर्ज करवा सकते हैं।