logo

रांची में अधिकारियों के लिये बनेंगे 4 बेडरूम वाले 40 बंगले, स्विमिंग पूल और ओपन जिम की भी होगी सुविधा

6864news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 
झारखंड में विभागीय सचिव और तमाम वरीय अधिकारियों के लिये बंगला बनाया जायेगा। राजधानी रांची के एचईसी स्थित शहीद मैदान और पुराने विधानसभा भवन के पास वाली लगभग 20 एकड़ जमीन पर सचिव स्तर और वरीय अधिकारियों के लिये 40 बंगला बनाया जायेगा। नगर विकास विभाग ने इसके लिये पहल की है। गुरुवार को जुडको सभागार में 4 कंपनियों ने अपनी प्राइमरी डिजाइन पेश की। नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव विनय कुमार चौबे के निर्देश में प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। 

इन सुविधाओं से लैस होगा अधिकारियों का बंगला
जानकारी के मुताबिक प्रत्येक बंगला 1 हजार वर्गमीटर का होगा। सभी बंगले में एक मास्टर बेडरूम सहित 4 बेडरूम बनेगा। आवास में लैंड स्केपिंग, कार्यालय, किचन, गेस्टरूम, लाउंज, ड्रॉइंग रूम, डाइनिंग रूम, सर्वेंट क्वॉटर, सिक्योरिटी गार्ड रूम, स्टोर रूम और गैरेज होगा। आवास में अधिकारियों को स्टडी रूम, योगा रूम, पूजा घर सहित कई अन्य सुविधायें दी जायेंगी। आवासीय परिसर में क्लब होगा। यूटिलिटी सेंटर का इंतजाम भी परिसर में किया जायेगा। क्लब के पास एक स्विमिंग पूल बनाने की भी योजना है। बच्चों के लिये पार्क सहित ओपेन स्पेस जिम का भी निर्माण किया जायेगा। सभी बंगलों में छोटा गार्डेन बनाया जायेगा।
 
उर्जा की व्यवस्था के लिये लगेगा सोलर पैनल
उर्जा की वैकल्पिक व्यवस्था के लिये सभी बंगलों की छत पर सोलर पैनल लगाया जायेगा। परिसर में जॉगिंग और साइक्लिंग के लिये पाथवे भी बनाया जायेगा। बंगलों में पेयजल की सुविधा के साथ-साथ वर्षा जल सरंक्षण की भी व्यवस्था होगी। जुडको के सामने डिजाइन पेश करते हुये चारों कंपनियों ने आवास परिसर में हरियाली का इंतजाम भी दिखाया। कंपनियों ने कहा कि हरियाली का खास खयाल रखा जायेगा। 

चार कंपनियों ने पेश किया आवास का डिजाइन
सचिवों और वरीय अधिकारियों के लिये आवास बनाने के लिये जिन चार कंपनियों ने डिजाइन पेश किया उनमें से 3 कंपनी दिल्ली और एक रांची की कंपनी है। दिल्ली की मास एन वायड कंस्लटेंट, मार्स प्लानिंग एंड इंजीनियरिगं सर्विस प्राइवेट लिमिटेड रांची, शिवा कंस्लटेंसी सर्विस नई दिल्ली और कोठारी एसोसिएट्स प्राइवेट लिमिटेड नई दिल्ली ने अपना-अपना डिजाइन पेश किया। 

इन अधिकारियों ने देखा आवास का डिजाइन
जुडको के परियोजना निदेशक ( तकनीकी ) रमेश कुमार, नगर विकास विभाग के उप सचिव चंदन कुमार, जुडको के  परियोजना निदेशक ( प्रशासन ) अमरेंद्र कुमार , परियोजना निदेशक ( वित्त ) अमित चक्रवर्ती , नगर विकास विभाग तकनीकी सेल के मुख्य अभियंता राजदेव सिंह, भवन निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता दिनेश कुमार, जुडको के महाप्रबंधक ( परिवहन ) श्री वीरेंद्र कुमार एवं महाप्रबंधक ( भवन ) श्री विनय कुमार राय ने प्रस्तुतिकरण देखा । अधिकारियों ने कहा कि आवास निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।