द फॉलोअप टीम, डेस्क:
इस वर्ष का गणतंत्र दिवस समारोह बहुत खास होने वाला है। गौरतलब है कि इस साल को केंद्र सरकार ने पहले ही आजादी का अमृत महोत्सव घोषित कर रहा है, जिसके तहत देश के हरेक हिस्से में अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी के तहत इस बार गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन भी काफी भव्य होने वाला है। आप जानते हैं कि प्रत्येक वर्ष राजपथ पर गणतंत्र दिवस वाले दिन परेड होती है। सभी राज्यों की झांकियां निकलती है। शक्ति-प्रदर्शन होता है।

राजपथ से ऊपर से गुजरेंगे 75 एयरक्राफ्ट
मिली जानकारी के मुताबिक इस वर्ष गणतंत्र दिवस वाले दिन राजपथ के ऊपर से कुल 75 एयरक्राफ्ट उड़ान भरने वाले हैं। ये अब तक के इतिहास का सबसे भव्य फ्लाईपास्ट होगा। इस फ्लाईपास्ट में इंडियन एयरफोर्स, इंडियन आर्मी और नेवी को मिलाकर कुल 75 एयरक्राफ्ट हिस्सा लेंगे। इनमें जगुआर, तेजस, सुखोई, मिग सीरीज के एयरक्राफ्ट सहित पांच राफेल विमान भी होंगे। इस बात की जानकारी इंडियन एयरफोर्स के पीआरओ विंग कमांडर इंद्रनील नंदी ने दी। कहा कि ये एतिहासिक होगा।

पीआरओ इंद्रनील नंदी ने दी सारी जानकारी
इंडियन एयरफोर्स के पीआरओ विंग कमांडर इंद्रनील नंदी ने बताया कि पांच राफेल विमान विनाश के फोर्मेशन में राजपथ के ऊपर से उड़ान भरेंगे। राफेल अत्याधुनिक एयरक्राफ्ट है जिसे भारत ने फ्रांस से खरीदा है। कुल 36 एयरक्राफ्ट खरीदे गये हैं। इंद्रनील नंदी ने बताया कि 17 जगुआर विमान 75 के फोर्मेशन में राजपथ के ऊपर से उड़ान भरेंगे जो आजादी के 75 वर्ष पूरे होने का संकेत होगा।

23 जनवरी से होगी गणतंत्र दिवस की शुरुआत
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इस वर्ष से गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत 23 जनवरी से होगी। अभी तक आमतौर पर समारोह की शुरुआत 24 जनवरी से की जाती थी। दरअसल, 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पड़ती है। स्वाधीनता संग्राम में उनके योगदान को याद करने तथा उनका सम्मान करने के लिए केंद्र सरकार ने ये फैसला किया।