logo

कांग्रेस ने चलाया सदस्यता अभियान, रामेश्वर उरांव बोले-गांव जाकर खुद लोगों का फॉर्म भरूंगा

5205news.jpg
द फॉलोअप टीम, लातेहार: 
राज्य के वित्त एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री और झारखंड के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने सोमवार को लातेहार में सदस्यता अभियान की शुरुआत की। मौके पर राज्यसभा सांसद धीरज साहू, लातेहार जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुनेश्वर उरांव और स्थानीय विधायक रामचंद्र सिंह सहित कई नेता मौजूद रहे।

कांग्रेस घृणा और भेदभाव से बचाकर रखने वाली पार्टी 
रामेश्वर उरांव ने कहा कि समान विचारधारा वाले लोगों के साथ आने का यही सही समय है। रामेश्वर उरांव ने कहा कि कांग्रेस भारत को घृणा और भेदभाव के विचार से बचाकर रखने वाली पार्टी है। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा देश की अखंडता, एकता और सदभावना को बनाए रखने का समर्थन किया है। कांग्रेस किसानों, गरीबों और बेरोजगारों की आवाज उठाने वाली पार्टी है।  रामेश्वर उरांव ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए एलान किया कि मैं खुद गांव जाउंगा। पांच से दस लोगों का फॉर्म भरकर सदस्य बनाने का काम करूंगा। 

ये भी पढ़ें.......

लातेहार में चलाया जा रहा है सदस्यता अभियान
राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि कांग्रेस 135 साल पुरानी पार्टी है। इसकी जड़ें भारत के गांव-गांव तक फैली हैंं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि हमारा लक्ष्य इलाके में कांग्रेस का परचम फैलाने का होना चाहिए। विश्वास जताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी लातेहार में सबसे अधिक सदस्य बनाने में कामयाब होगी। हमें लक्ष्य तय करना होगा। 

सदस्यता प्रभारी ने की रामेश्वर उरांव की तारीफ
कार्यक्रम में मौजूद सदस्यता प्रभारी आलोक कुमार दूबे ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव की तारीफ की। आलोक कुमार दूबे ने कहा कि रामेश्वर उरांव ने झारखंड में बिखरी हुई कांग्रेस को संगठित किया। पार्टी का लक्ष्य है कि राज्य में इस बार 15 लाख नए सदस्य बनाया जाएं। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता ने इस मौके पर कहा कि कांग्रेस पार्टी की जीवंतता की बड़ी वजह है इसका सदस्यता अभियान।