logo

गुमला में दशहरा मनाने घर आए बेटे को पिता ने टांगी से काट डाला

गुमला में दशहरा मनाने घर आए बेटे को पिता ने टांगी से काट डाला

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
गुमला जिले के पालकोट थाना क्षेत्र के पोजेगा गांव में गुरुवार की रात एक पारिवारिक विवाद के दौरान 40 वर्षीय कुलदीप यादव की हत्या कर दी गई। आरोप है कि उसके पिता हरिनारायण यादव ने टांगी से वार कर उसकी जान ले ली। घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। दशहरा पर्व के दौरान हुई इस वारदात से गांव में हड़कंप मच गया, वहीं परिवार में शोक छा गया है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात हरिनारायण यादव और उनके बेटे कुलदीप के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और इसी दौरान पिता ने कथित तौर पर कुलदीप पर टांगी से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल कुलदीप की मौके पर ही मौत हो गई। शुरुआती जानकारी में बताया जा रहा है कि घटना के वक्त कुलदीप शराब के नशे में था। हालांकि, विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और हत्या की नौबत कैसे आई, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


दशहरा मनाने दूसरे राज्य से आया था घर
बताया जाता है कि कुलदीप यादव दूसरे राज्य में रहकर काम करता था। दशहरा पर्व अपने परिवार के साथ मनाने के लिए वह पोजेगा गांव स्थित घर लौटा था। पर्व के दौरान हुई इस घटना ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। गांव में वारदात की खबर फैलते ही ग्रामीणों के बीच इसकी चर्चा होने लगी। घर लौटे कुलदीप की इस तरह मौत से परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है।


पुलिस जांच के बाद सामने आएगी पूरी सच्चाई
घटना के पीछे की वास्तविक वजह, विवाद की परिस्थितियों और आरोपित की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। मामले में पुलिस की कार्रवाई से संबंधित आधिकारिक विवरण की प्रतीक्षा है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि पिता-पुत्र के बीच विवाद किन परिस्थितियों में हुआ और हत्या तक पहुंचने की वजह क्या थी।

Tags - Gumla News Jharkhand Crime Palkot Police Murder Case Dussehra News