logo

पांच साल की मासूम को उठा ले गया तेंदुआ, जंगल में मिला बच्ची का सिर

11592news.jpg

द फॉलोअप टीम, शिमला:

शिमला के कनलोग इलाके से गुरुवार देर रात तेंदुआ एक 5 साल की बच्ची को उठा ले गया।  शुक्रवार की सुबह बच्ची का सिर जंगल से बरामद हुआ। बच्ची के बाकी शरीर का अभी तक पता नहीं चला है। वन विभाग और पुलिस की टीम स्थानीय लोगों के सहयोग से जंगल में बच्ची के धड़ को तलाश कर रहे हैं। 

होंडा सिटी शोरूम के पास से उठा लिया
जानकारी के मुताबिक कनलोग इलाके में होंडा शोरूम के पास ढारे में रह रहे प्रवासी मजदूर के टीन शेड से तेंदुआ बच्ची को उठा ले गया। आस-पास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी जिसके बाद तलाशी शुरू हुई। बच्ची की पहचान 5 वर्षीय प्रियंका के रूप में हुई। बच्ची झारखंड के गुमला जिले के बेरटोली गांव की रहने वाली बताई जा रही है। 

दादा-दादी के साथ रहती थी बच्ची 
बच्ची शिमला के कनलोग में दादा दादी के साथ रहती थी। बच्ची के माता पिता गांव में ही रहते हैं। दादी के अनुसार वो खाना बना रही थी। बच्ची थोड़ी दूर पर बैठी थी। अचानक बाल्टी गिरने की आवाज आयी तो दादी ने पीछे मुड़कर देखा तो पाया कि बच्ची को तेंदुआ लेकर जा रहा है। दादी ने शोर मचाया लेकिन तब तक तेंदुआ बच्ची को लेकर जा चूका था। जिस जगह पर वो लोग रहते हैं वह जगह प्रवासी मजदूरोंके रहने की जगह है। उनके पास पालतू कुत्ते भी हैं। लोग यही अंदाज लगा रहे हैं कि तेंदुआ कुत्ते को ही लेने आया था। लेकिन, बच्ची को बाहर देख तेंदुआ उसे उठा ले गया। 

तेंदुए का दिखना आम बात 
वन्य जीव विभाग ने पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है। यह पहली घटना है, जब किसी घर से बच्चे को तेंदुआ उठा कर ले गया है।  बीते सोमवार को कृष्णानगर में तेंदुए ने घर में घुसकर एक युवक को जख्मी कर दिया था। उस वक़्त विभाग ने तेंदुए को ट्रेंकुलाइजर गन की मदद से बेहोश कर पिंजरे में बंद दिया था।  तेंदुए ने कुत्ते को भी अपना बनाया है। शिमला के संजौली, छोटा शिमला, समरहिल इलाकों में तेंदुए का दिखना आम बात है। घरों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में आये दिन तेंदुआ कैद होता है। लोगों ने जिला प्रशासन और वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।