द फॉलोअप टीम, रांची :
रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में एक ट्रक से 435 बोरा चावल ज़ब्त किया गया। रांची डीसी के निर्देश पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी मोहम्मद शब्बीर अहमद के नेतृत्व में जांच की गई थी। इस दौरान एडीएसओ राकेश वर्मा, मार्केटिंग ऑफिसर शंभू नारायण विद्यार्थी और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी प्रभु नारायण महतो उपस्थित थे।
चावल की मात्रा 227 क्विंटल 50 किलोग्राम
मिली जानकारी के अनुसार मनोज पांडे के हेसाग, हटिया स्थित गोदाम के समीप ट्रक पर लदा 435 बोरा चावल ज़ब्त किया गया। चावल की मात्रा 227 क्विंटल 50 किलोग्राम है। जांच के दौरान इसका कोई वैध कागजात नहीं दिखाए गए। एक स्थानीय व्यक्ति की गुप्त सूचना के आधार पर यह मामला सामने आया है।
कालाबाजारी का मामला दर्ज किया गया
सरकारी अनुदानित दर पर दिए जानेवाले चावल को प्लास्टिक के बोरे में रीपैक कर खुले बाजार में ऊंचे दर में मुनाफाखोरी की नीयत से कालाबाजारी करने के आरोप में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 7 एवं भारतीय दण्ड संहिता के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।