द फॉलोअप टीम, रांची:
पलामू में तेज रफ्तार गाड़ियों ने कहर बरपा दिया है। एनएच-39 और एनएच 98 पर पिछले चार घंटे के दौरान दो दर्दनाक हादसों में तीन लोगों ने अपनी जानें गंवा दी। एनएच 98 पर सड़क हादसे में तेज रफ्तार पिक अप वैन ने बाइक सवार दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इससे आक्रोशित परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर करीब एक घंटे तक सड़क जाम कर दिया।
पिकअप वैन ने ली युवक की जान
बताया जा रहा है कि सुरेंद्र साव अपने दोस्त के साथ बाइक से पशु खरीद के लिए जा रहा था। इसी दौरान एनएच 98 पर औरंगाबाद से छतरपुर की ओर आ रही तेज रफ्तार पिकअप वैन ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में सुरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि उसके दोस्त को मामूली चोट लगी है। वारदात को अंजाम देने के बाद पिकअप वैन मौके से फरार हो गया। हादसे के गुस्साए परिजनों ने घटनास्थल पर मुआवजे की मांग को लेकर एनएच-98 जाम कर दिया। इससे करीब 1 घंटे तक सड़क जाम रही, इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंचकर मृतक के परिजनों को उचित सरकारी सहायता का आश्वासन दिया जिसके बाद जाम को हटाया गया।
5 बाइक सवार, 2 महिला की मौत
इस घटना के बाद पंडवा थाना क्षेत्र में एनएच 39 पर बाइक सवार पांच लोगों को तेज रफ्तार एक ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवती की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रुप से घायल हो गई है। गनीमत रही कि घटना में दो बच्चे और बाइक का चालक बाल-बाल बच गया। घटना के बाद आनन फानन में घायल महिला को मेदिनीनगर पीएमसीएच में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान घायल महिला ने दम तोड़ दिया।
ये भी पढ़ें......
सड़क पर एहतियात बरतने की जरुरत
हालांकि तेज रफ्तार गाड़ियों पर प्रशासन कोई अंकुश लगाने में असमर्थ है। इसी कारण बढ़ते सड़क हादसों में बेकसूर लोग शिकार हो जाते हैं, लेकिन जरुरत है कि लोगों को भी ऐहतियात बरतते हुए कानून का पालन करना चाहिए। एक बाइक पर 5 लोगों के सवार होने की अनुमति ना होने के बावजूद लोग नियम का उल्लंघन करते हैं और ऐसे ऐसे दर्दनाक हादसे की चपेट में आ जाते हैं।