logo

युवक-युवती ने चुराया सोने का लॉकेट, पीछा कर दुकानदार ने पकड़ा, कर दिया पुलिस के हवाले

1961news.jpg
द फॉलोअप टीम, गढ़वा 
ज्वेलरी खरीदने के बहाने ज्वेलरी दुकान पहुंचे युवक-युवती ने सोने का एक लॉकेट चुरा कर चंपत होना चाहा, लेकिन उनका यह प्रयास विफल हो गया और दोनों पकड़े गए। मामला धुरकी थाना क्षेत्र का है। ज्वेलरी दुकानदार को जब शक हुआ तो उसने दोनों का पीछा कर उन्हें रोका। पहले तो दोनों ने लॉकेट चुराने की बात से इनकार किया। इसके बाद दुकानदार ने स्थानीय लोगों की मदद से युवक-युवती के पास मौजूद बैग को चेक किया तो लॉकेट बरामद किया गया। इसके बाद दुकानदार ने पुलिस को इसकी सूचना दी और दोनों को उनके हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है। 

ये भी पढ़ें.....

एटीएम जाने के बहाने दुकान से निकल गए
 इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, मेराल थाना के अकवनिया गांव निवासी पूजा कुमारी और उपेंद्र राम बुधवार शाम को धुरकी थाना क्षेत्र के भंडार गांव स्थित एक ज्वेलरी दुकान पहुंचे। यहां उन्होंने ज्वेलरी खरीदने की बात कही और कुछ सैंपल दिखाने को कहा। इसी दौरान दोनों ने एक सोने का लॉकेट चुरा लिया। इसके बाद दुकानदार से कहा कि वे एटीएम जा रहे हैं, पैसे निकालकर लॉकेट खरीदेंगे। फिर दुकानदार ने दिखाए गए सैंपल को वापस रखने लगा तो एक लॉकेट गायब मिला। उसे शक हुआ, लेकिन तबतक युवक-युवती अपने गांव जाने के लिए निकल गए थे।

दुकानदार ने पीछा कर दोनों को पकड़ा
दुकानदार चंद्रदेव सोनी ने बताया कि युवक-युवती के वहां से जाने के बाद उन्होंने दोनों का पीछा किया और मेराल थाना क्षेत्र के देवगाना गांव के पास दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद उन्होंने सोने के लॉकेट की मांग की तो युवक-युवती ने लॉकेट के होने की जानकारी से इनकार कर दिया। फिर दुकानदार ने स्थानीय लोगों की मदद से उनके पास मौजूद बैग चेक किया तो उसमें से सोने का लॉकेट बरामद किया गया। इसके बाद धुरकी थाना में सूचना देकर दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि सोने के लॉकेट चोरी करने के आरोप में युवक-युवती को गिरफ्तार कर लिया गया है। एफआईआर दर्ज कर न्यायिक हिरासत में गढ़वा जेल भेज दिया जाएगा।