logo

India Corona Update: सुस्त पड़ा कोरोना! 24 घंटे में मिले 12,830 संक्रमित मरीज, अभी भी सतर्कता जरूरी

14373news.jpg

द फॉलोअप टीम, डेस्क: 

भारत के उत्तरी-पूर्वी राज्यों में ठंड ने दस्तक दे दी है। इस बीच कोरोना की रफ्तार भी सुस्त होती दिख रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों में 12 हजार 830 मामले सामने आये हैं। इस बीच 14 हजार 667 मरीजों ने कोरोना को मात दी है। चिंताजनक बात ये है कि 446 कोरोना संक्रमित मरीजों ने दम तोड़ दिया है। गौरतलब है कि 1 महीने पहले तक कोरोना से मौत की संख्या 200 से भी कम हो गयी थी। इसका बढ़ना चिंताजनक है। 

साढ़े 3 लाख से ज्यादा लोगों की मौ'त
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक कोरोना महामारी की शुरुआत से लेकर अब तक देश में 3 करोड़ 42 लाख 73 हजार 300 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इस दरम्यान 3 करोड़ 36 लाख 55 हजार 842 लोग ठीक हो चुके हैं। देश में फिलहाल एक्टिव संक्रमित मरीजों की संख्या 1 लाख 59 हजार 272 है। आंकड़ों के हिसाब से देखें तो ये बीते 247 दिनों में सबसे कम है। कोरोना महामारी की शुरुआत से लेकर अब तक 4 लाख 58 हजार 186 मरीजों की मौ'त हो चुकी है। 

1 अरब से ज्यादा नागरिकों का टीकाकरण
देश में टीकाकरण भी जारी है। टीकाकऱण ही महामारी की रोकथाम का एकमात्र तरीका है। गौरतलब है कि देश में अब तक 1 अरब 6 करोड़ 14 लाख 40 हजार 335 नागिरकों का टीका लगाया जा चुका है। कुछ दिन पहले ही भारत ने 100 करोड़ टीकाकरण का कीर्तिमान स्थापित किया है। उस दिन कई सरकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया था। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इस कीर्तिमान तक पहुंचने के लिए भारत को बधाई भी दी थी। गौरतलब है कि भारत में टीकाकरण अभियान की शुरुआत 16 जनवरी 2021 से की गई थी। नागरिकों का मुफ्त में टीकाकरण किया जा रहा है। 

केरल में कोरोना संक्रमण का सर्वाधिक मामला
गौरतलब है कि केरल में कोरोना के मामले अभी भी सर्वाधिक हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में 12 हजार 830 मामले सामने आये जिसमें से केरल में ही 7 हजार 427 संक्रमित मरीज मिले हैं। यहां 62 लोगों की मौत भी हो चुकी है। 

देश में फिलहाल रिकवरी रेट 98.20 फीसदी है
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि रिकवरी रेट फिलहाल 98.20 फीसदी है। एक्टिव कोरोना मरीजों की संख्या कुल मामलों का 1 फीसदी से भी कम है। ये वर्तमान में 0.46 फीसदी है। मार्च 2020 के बाद ये सबसे कम है। दैनिक पॉजिटिविटी रेट की बात करें तो ये 1.13 फीसदी है जो पिचले 27 दिनों में 2 फीसदी से भी कम है। साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट की बात की जाये तो ये 1.18 फीसदी है जो 2 फीसदी से कम है। हालात में सुधार है लेकिन सतर्कता बरतनी होगी।