logo

हेमंत सोरेन को 5 साल का हिसाब और जवाब दोनों देना होगा- बाबूलाल मरांडी 

news038.jpg

रांची 

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने 3 अक्टूबर को प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अब राज्य सरकार को जवाब देना होगा और 5 साल का हिसाब भी देना होगा। मरांडी ने कहा कि राज्य में हुए भ्रष्टाचार और घोटाले को लेकर मैंने कई पत्र मुख्यमंत्री को लिखे हैं। सरकार को पहले ही सचेत कर दिया था कि इस तरह की गड़बड़ी हो रही है। इससे खुद बचें और राज्य को भी बचाएं। मरांडी ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में अगर राज्य को नहीं बचाएंगे तो खुद भी उसी आग में जल जाएंगे। उन्हें कोई बचा नहीं सकता है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी की परिवर्तन यात्रा का समापन 2 अक्टूबर को हजारीबाग में हो गया। समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आए थे। परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ 20 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया था। यात्रा के दौरान देश के रक्षा मंत्री स्वास्थ्य मंत्री और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री केंद्रीय मंत्री ने इसमें भाग लिया। देश के सभी प्रमुख नेताओं ने इसमें शिरकत की। यात्रा को ताकत और मजबूती दी। मरांडी ने कहा कि यात्रा में नारा दिया गया था, 'ना कहेंगे ना सहेंगे बदल कर रहेंगे'। यह काफी चला। यह नारा आगे भी रहेगा। 
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 5 साल के हिसाब में कई मुद्दों पर बात होगी। मरांडी ने कहा कि उन्होंने कई मुद्दों पर मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था। साहिबगंज में अवैध तरीके से पत्थर का उत्खनन और अवैध ढुलाई होती रही। अवैध घाटों से भी ढुलाई होते रही। पानी के माध्यम से रात में भी ढुलाई की गई। सूचना थी कि यहां कभी भी दुर्घटना घट सकती है। इसे लेकर मैंने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री को पत्र लिखा। मुख्यमंत्री ने पत्र का संज्ञान नहीं लिया।

मरांडी ने कहा कि कोयला चोरी का भी एक मामला है। कोयला चोरी को लेकर धनबाद में बीजेपी की ओर से कई बार धरना प्रदर्शन भी किया गया था। मुख्यमंत्री को इसे लेकर पत्र भी लिखा था। पलामू में नाकामी का झंडा बुलंद करने वाले एसपी की पोस्टिंग धनबाद में कर दी गई। उन्होंने कहा कि मैंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था कि इस तरह के अफसर के तैनात किए जाने पर जिले में कभी भी अपराध नहीं रुकेगा। उनके बैच के कई अफसर का प्रमोशन हो गया था, लेकिन उन्हें प्रमोट नहीं किया गया है। क्योंकि प्रमोशन मिलने पर उन्हें एसपी के पद से हटना पड़ता। मरांडी ने कहा की कोयला चोरी की जांच कराने के मामले में हाईकोर्ट में केस था। हाईकोर्ट ने इस मामले की सीबीआई जांच के निर्देश दिए हैं। यह स्वागत योग्य है। इसकी सीबीआई जांच होने पर दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक और प्रदेश प्रवक्ता अजय साह भी उपस्थित थे।


 

Tags - Hemant Soren answer Babulal Marandi Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand latest