logo

नाच-गाने में लड़कियों से छेड़खानी के आरोप में युवक की हत्या, 5 आरोपी भेजे गए जेल

2664news.jpg
द फॉलोअप टीम, खूंटी :
उग्रवाद प्रभावित अड़की थाना क्षेत्र के बारूबेड़ा जंगल से सीनू पूर्ती नाम के युवक का शव बरामद किया गया। मृतक के चाचा मनसा पूर्ती से मिली सूचना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शव बरामद करने के बाद हत्याकाड में शामिल सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। सीनू पूर्ती की धारदार हथियार से काटकर हत्या करने की बात कही गई है। वह अड़की के कुटई गांव का निवासी था। 

पुलिस ने टांगी भी बरामद कर ली  
गिरफ्तार आरोपियों में बीरबाकी के तिरिलडीह टोला निवासी सुखराम नाग उर्फ चेडेया, हीरा मुंडा, मोहन समद उर्फ माका, सुखराम मुंडा और बीरबाकी कोचाटोली निवासी सुखराम मुंडा शामिल हैं। यह जानकारी खूंटी के एसपी आशुतोष शेखर ने शुक्रवार की रात में पत्रकारों को दी। अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार टांगी भी बरामद कर ली है।

मृतक पर छेड़खानी का था आरोप
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि मृतक सीनू पूर्ती गत 16 नवंबर को गाव में सोहराय पर्व के अवसर पर आयोजित नाच-गान समारोह में लड़कियों के साथ छेड़खानी कर रहा था। इसी बात पर ये लोग उसे पकड़ कर बारूबेड़ा जंगल ले गए, जहां तेजधार हथियार से उसकी हत्या कर दी।

19 नवंबर से लापता था युवक 
एसपी ने बताया कि मृतक के चाचा मनसा पूर्ती ने 19 नवंबर को अड़की थाना की पुलिस को यह सूचना दी कि उसका भतीजा सीनू पूर्ती 16 नवंबर को अड़की के बीरबाकी तिरिलडीह टोला में सोहराय पर्व के अवसर पर नाचने-गाने गया था, तब से वह वापस घर नहीं लौटा है। इस सूचना पर एसडीपीओ आशीष कुमार महली के नेतृत्व में गठित छापामार टीम ने महज कुछ घटों में मृतक का शव बरामद कर हत्याकाड में शामिल सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध अड़की थाना में हत्या का मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया।