
द फॉलोअप टीम, जमशेदपुर
गालूडीह थाना क्षेत्र बागालगोरा गांव से गुजर रहा पत्थर लदा ट्रैक्टर को ग्रामीणों ने पकड़ा। ट्रैक्टर चालक के पास पत्थर ले जाने के कागजात नहीं थे। ग्रामीणों ने चालक को पकड़ कर मुखिया मंगल सिंह और पार्षद प्रतिनिधि दुर्गा मुर्मु के हवाले कर दिया। इसके बाद इसकी जानकारी खनन निरीक्षक राहुल कुमार, थाना प्रभारी विकास कुमार, सीओ रिंकु कुमार को दी गई। करीब चार घंटे के इंतजार के बाद भी स्थल पर कोई प्रशासनिक अधिकारी नहीं पहुंचा। अवैध खनन की रोकथाम के लिए प्रशासन को सहयोग करने के बावजूद अधिकारियों के नहीं पहुंचने से ग्रामीण क्षुब्ध थे।
अधिकारियों का ढुलमुल रवैया
इस संबंध में वार्ड सदस्य जय शंकर सिंह, पार्षद प्रतिनिधि दूर्गा मुर्मु, मुखिया मंगल सिंह ने कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन का कारोबार धड़ल्ले से जारी है। इससे सरकार को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है। पिछले कई दिनों से वाहनों द्वारा पत्थर ढुलाई की जा रही है। लेकिन अधिकारियों का ढुलमुल रवैया समझ से परे है।
पुलिस ने खनन विभाग का मामला बताया
बता दें कि प्रशासनिक अधिकारियों के इस रवैये से ग्रामीण वाकिफ हैं। अधिकारियों दीपावली के मद्देनजर थाना प्रभारी ने कहा कि ये तो खनन विभाग का मामला है। इसके कुछ देर बाद खनन माफिया अपने समर्थकों के साथ गांव में ट्रैक्टर का पत्थर सड़क में डाल कर चलता बना। बताया गया कि अवैध खनन करनेवाला किसी राजनीतिक पार्टी के कार्यकर्ता हैं।