logo

उत्तरी भारत के कलाकारों और निर्माताओं का मानसिक शोषण होता है - सरयू राय

1340news.jpg
द फॉलोअप, रांची : यशश्विनी फिल्म्स के बैनर तले बुधवार को प्रेस क्लब रांची में आनेवाली मूवी 'GREEN' के गाने यूट्यूब पर रिलीज़ किए गए। गानों की लॉन्चिंग झारखण्ड सरकार के पूर्व मंत्री सह वर्तमान विधायक सरयू राय ने की। इस मौके पर सरयू राय ने कहा कि मुंबई के एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में उत्तरी भारत के कलाकारों और निर्माताओं का लगातार शोषण जारी है। 

'फिल्म रिलीज के समय रुकावट डालते हैं'
सरयू राय ने कहा कि हमारे यहां के निर्माता जब अच्छी फिल्म लेकर अच्छे कलाकारों के साथ मुंबई की फ़िल्म इंडस्ट्री में अपनी फिल्म रिलीज करने जाते हैं, तब वहां पूर्व से अपना वर्चस्व जमाए कुछ चुनिंदा लोग उनकी फिल्म के रिलीज होने में रुकावट डालते हैं। इसके कारण कलाकार एवं निर्माताओं का मनोबल टूट जाता है। वे मानसिक अवसाद से ग्रस्त हो जाते हैं। 

'झारखंड में भी फ़िल्म उद्योग को बढ़ावा मिले'
उन्होंने कहा कि हाल ही में मुम्बई फ़िल्म इंडस्ट्री के अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की संदेहात्मक मृत्यु इसका जीवंत उदाहरण है। अतः प्रदेश के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से निवेदन है कि झारखंड में भी फ़िल्म उद्योग को बढ़ाने का काम करें।
 
मनीष सिंह ने कहा- युवा वर्ग मानसिक अवसाद से ग्रस्त 
इस मौके पर यशश्विनी फिल्म्स के निर्माता मनीष सिंह ने कहा कि युवाओं के जीवन पर आधारित मूवी "GREEN" युवा जीवन के अंधेरे में आशा की शक्ति के बारे में है, जो कि अपने जीवन में मानसिक अवसाद से ग्रस्त हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि भारत में मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं जैसे अवसाद और नशे की लत से जूझ रहे युवाओं से मैं हमेशा प्रभावित रहा हूं।

'फिल्म की अधिकतर शूटिंग झारखंड में हुई'
उन्होंने कहा कि बतौर एक फ़िल्म निर्माता के तौर पर मेरा मकसद वास्तविक जीवन की घटनाओं को प्रकट करना है जो, आधुनिक समाज के लिए आंखें खोलने का काम करे। मनीष सिंह ने बताया कि इस फ़िल्म की सारी शूटिंग झारखण्ड में ही हुई है, जिसमें मुख्य रूप से  बोकारो, रांची, गिरिडीह आदि हैं। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन  से झारखंड में भी फ़िल्म उद्योग को बढ़ावा का अनुरोध किया।

फिल्म के निर्देशक प्रशांत दरभंगा निवासी हैं
GREEN फिल्म के निर्देशक प्रशांत नागेन्द्र हैं, जिनकी पहली फिल्म 'ललका पाग' मैथिली भाषा में बनी है। इस फिल्म को बहुत सारे पुरस्कार भी मिले हैं। प्रशांत नागेन्द्र दरभंगा (बिहार) से हैं। फ़िल्म के मुख्य कलाकार अभिनेता संजय सिंह, अभिनेत्री दिव्यांगना जैन और परिधि शर्मा है। फ़िल्म में नायक की भूमिका अदा करनेवाले अभिनेता संजय सिंह सहरसा के हैं। ये 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' में फजलू के नाम से फेमस हुए थे। शुभ मंगल सावधान, रॉकस्टार, मटरू की बिजली का मंडोला, हिडन स्ट्राइक, चिड़ी बल्ला, मुरारी द मैड जेंटलमैन आदि सफल फिल्मों में अपना दमदार अभिनय निभाया था। इसके बावजूद इन्हें वह ख्याति नहीं मिली, जिसकी उन्हें अपेक्षा थी। 

फिल्म की नायिका दिव्यांगना जैन आगरा की रहनेवाली हैं
फ़िल्म में बतौर नायिका के रूप में दिव्यांगना जैन, आगरा की रहनेवाली हैं। प्रमुख किरदार के रूप में परिधि शर्मा जो एक डॉक्टर की किरदार में है, जिन्होंने जोधा-अकबर में जोधा का किरदार निभाया था।  इस फ़िल्म में अपने दमदार अभिनय के दम पर उन्होंने किरदार को जीवंत कर दिया था। इनके अलावा इस फिल्म में 75 फीसदी स्थानीय कलाकार हैं। इस अवसर पर विनय कुमार सिंह (बिनु सिंह) ललन सिंह, दिलीप सिंह,  विनय सिंह, आदर्श सिंह, सुधीर सिंह, मनोज सिंह, धर्मेंद्र सिंह, शुभम सिंह आदि उपस्थित थे ।