
द फॉलोअप टीम, धनबाद:
सिजुआ के जोगता थाना क्षेत्र के भेलाटांड-सिजुआ मार्ग पर बाइक लूट की घटना घटी है। टाटाकर्मी अजमत शुक्रवार-शनिवार की रात करीब दो बजे ड्टूटी से घर लौटने के क्रम में पहले से घात लगाए तीन अपराधियों ने हथियार के बल पर लूट की घटना को अंजाम दिया। बाइक लूट कर चलते बने। इस दौरान अपराधियों ने अजमत की तलाशी ली। उसके पास नकदी और मोबाइल नहीं मिलने पर अपराधी नाराज हो गए। उसके साथ दुर्व्यवहार किया और जान मारने की धमकी भी दी।
भुक्तभोगी ने थाने में मामला दर्ज कराया
भेलाटांड ए कोलियरी में एसडीएल क्रू के पद पर कार्यरत अजमत द्वितीय पाली की ड्यूटी समाप्त कर तालतल्ला स्थित अपने घर लौट रहा था। बताया गया कि तेरह दिन के भीतर छिनतई की यह दूसरी घटना है। इससे लोगों में भय का माहौल व्याप्त हो गया है। भुक्तभोगी ने थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। अजमत ने बताया कि 24-25 वर्ष उम्र के तीन अपराधी थे। एक के हाथ में हथियार था। उक्त मार्ग में भेलाटांड तालाब के पास हथियार का भय दिखाकर बाइक रोकने को मजबूर कर दिया। इसके बाद शर्ट व पेंट के पॉकेट की तलाशी ली। पैसा या मोबाइल नहीं मिलने पर धमकी देते हुए बाइक लेकर तीनों में से दो उसकी बाइक पर और तीसरा अपनी बाइक चलाते हुए सिजुआ की ओर भाग निकला।
कंपनी के सुरक्षा विभाग को सूचना दी
अपराधियों के जाने के बाद अजमत फीडर अस्पताल भेलाटांड पहुंचा और फोन कर कंपनी के सुरक्षा विभाग को घटना की सूचना दी। इसके बाद थाना जाकर घटना की जानकारी दी। बता दें कि गत 31 अक्टूबर को इसी मार्ग पर अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर तीन लोगों से छिनतई की घटना को अंजाम दिया था।