द फॉलोअप टीम, जमशेदपुर:
पोटका प्रखंड के कोवाली थाना क्षेत्र हल्दीपोखर में एक क्विंटल प्रतिबंधित मांस पकड़े जाने के बाद सनसनी फैल गई है। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रतिबंधित मांस दो कारों में लोड कर ले जाया जा रहा था, जबकि बोलेरो पर सवार लोग भागने में सफल रहे। गिरफ्त में आए लोगों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि हल्दीपोखर के रास्ते जमशेदपुर और आसपास सटे इलाके में मांस की सप्लाई करते हैं। बताया गया कि लंबे समय से मांस की खरीद-बिक्री का धंधा चल रहा था। ओडिशा के मयूरभंज जिले के रायरंगपुर से मांस लाते हैं और यहां इसकी बिक्री की जाती है।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
मिली जानकारी के अनुसार इस धंधे के लिए हल्दीपोखर क्षेत्र सेफ जोन बना हुआ है। यह क्षेत्र जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां जिले की सीमा से सटता है। कोवाली थाना प्रभारी ने बताया कि गोपनीय सूचना पर शुक्रवार सुबह कार्रवाई की गई। कार में सवार लोग पकड़े गए। सीट के नीचे मांस छुपाकर रखे गए थे। आरोपितों के खिलाफ कोवाली थाना में गोवंश प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बीते सप्ताह छह की गिरफ्तारी हुई
बता दें कि पहले पोटका के हल्दीपोखर से प्रतिबंधित मांस की आपूर्ति शहर में चोरी-छुपे की जाती थी। अब जिले की सीमा से सटे रायरंगपुर और बहालदा से मांस की खरीद-बिक्री की जा रही है। जमशेदपुर में पटमदा के कटिंग के रास्ते बंगाल के पुरुलिया जिले के बड़ाबाजार से मानगो, एमजीएम, उलीडीह, आजादनगर और कपाली इलाके में प्रतिबंधित मांस की आपूर्ति की जाती है। बोड़ाम और पटमदा थाना की पुलिस ने बीते सप्ताह टेम्पो और बाइक पर मांस लेकर जा रहे छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है