
द फॉलोअप टीम, रांची
सातवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री का पद संभालने जा रहे नीतीश कुमार ने कहा है कि उन्हें मुख्यमंत्री बनने की इच्छा नहीं है। वे सिर्फ भाजपा के आग्रह करने के कारण मुख्यमंत्री पद पर बैठ रहे हैं। उन्होंने यह बात उस दिन कही जिस दिन एनडीए ने राज्यपाल के सामने बिहार में सरकार बनाने का दावा पेश किया। बता दें कि बिहार चुनाव के परिणाम आने के साथ ही नीतीश की दावेदारी पर सवाल उठने लगे थे। हालांकि भाजपा ने यह स्पष्ट कर दिया था कि एनडीए की तरफ से नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री पद पर बैठेंगे। नीतीश ने उक्त बातें एक बयान में कही।
एनडीए की बैठक में नीतीश को मुख्यमंत्री बनाने का निर्णय
नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाने का निर्णय एनडीए विधायक दल की बैठक में लिया गया। यह बैठक रविवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित हुई। बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी उपस्थित हुए। उन्हीं के नेतृत्व में नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुना गया। बिहार में सबसे अधिक अवधि तक मुख्यमंत्री बने रहने का रिकॉर्ड भी नीतीश कुमार के ही नाम है।