द फॉलोअप टीम, रांची : विधानसभा में आयोजित कार्यक्रम में बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो एवं जैक अध्यक्ष डॉ अरविंद प्रसाद सिंह ने मैट्रिक व इंटर के टॉपर को आल्टो कार देकर पुरस्कृत किया।
मैट्रिक टॉपर को बाईक मिली
झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने झारखंड आंदोलनकारी विनोद बिहारी महतो के जयंती समारोह के मौके पर बुधवार को मैट्रिक के बोकारो टॉपर छात्र को बाइक दी। इसके अलावा 75 फीसदी अंक के साथ पास करनेवाले 350 स्कूली छात्रों को साइकिल देकर पुरस्कृत किया।
सम्मान समारोह का आयोजन
बोकारो जिले के बेरमो स्थित बीआरएल मध्य विद्यालय, भंडारीदह के प्ले ग्राउंड में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया था। मैदान में बाइक व साइकिल खड़ी थी। मैट्रिक में बोकारो टॉप करनेवाले को बाइक व 75 प्रतिशत से अधिक अंक लानेवालों को साइकिल दी गयी।
350 साइकिल वितरित की गई
हर स्कूल की लिस्ट के साथ 350 साइकिल सोशल डिस्टेसिंग के तहत खड़ी की गयी थी। साइकिल वितरण को लेकर बैरिकेडिंग भी की गयी थी। कार्यक्रम को लेकर नावाडीह व चंद्रपुरा प्रखंड के 75 फीसदी अंक के साथ परीक्षा पास करनेवाले छात्र-अभिभावकों के साथ साइकिल लेने के लिये पहुंचने लगे थे। कार्यक्रम की तैयारी में मुखिया वासुदेव महतो, लोकेशवर महतो, जयलाल महतो, भुवनेश्वर महतो, राजकिशोर पूरी, विजय गिरि की अहम भूमिका रही।