द फॉलोअप टीम, गिरिडीह:
मकान अधिग्रहण के बाद बेघर हुए बगोदर (गिरिडीह) के औंरा की मीना देवी के परिवार को बसाने के लिए सरकारी स्तर पर जमीन उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए प्रशासनिक तैयारियां की जा रहीं हैं। परिवार को तीन डिसमिल जमीन उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए जमीन भी चिन्हित कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार जीटी रोड सिक्स लेन निर्माण की जद में आने से मीना देवी का घर सरकारी स्तर पर अधिग्रहण किए जाने के बाद पांच महीने पूर्व ही तोड़ दिया गया था। तब से यह परिवार औंरा पंचायत सचिवालय के एक कमरे में शरण लिए हुए है। परिवार में सदस्यों की संख्या अधिक है, इसलिए उन्हें रहने में परेशानी हो रही है।
मीना देवी को जल्द दिए जाएंगे जमीन के पेपर
इस संबंध में सीओ आशुतोष कुमार ओझा ने बताया कि मीना देवी को बहुत जल्द ही जमीन के पेपर दिए जाएंगे। औंरा में ही तीन डिसमिल जमीन चिन्हित की गई है। जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चल रही है। संभवतः 10 दिनों के अंदर प्रकिया पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद मीना देवी के परिवार को जमीन दी जाएगी, जहां वे अपना घर बना सकेंगे।
जीटी रोड सिक्स लेन का चल रहा निर्माण कार्य
बगोदर प्रखंड क्षेत्र में जीटी रोड सिक्स लेन निर्माण कार्य चल रहा है। इसके लिए रोड किनारे स्थित मकान और जमीन का सरकारी स्तर पर अधिग्रहण किया गया है। बगोदर प्रखंड की औरा की मीना देवी का मकान भी अधिग्रहण किया गया है। इस परिवार के पास मात्र 1 डिसमिल जमीन औरा में जीटी रोड के बगल में थी , जिसमें घर बनाकर परिवार के सभी सदस्य रहे थे। इस बीच जीटी रोड सिक्स लेन निर्माण के लिए उनका मकान अधिग्रहण किया गया। मकान तोड़ भी दिया गया और औंरा पंचायत सचिवालय के एक कमरे में प्रशासन ने परिवार को शिफ्ट कराया गया है।