द फॉलोअप टीम, रांची :
कोरना वायरस की चपेट में आए शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो को चेन्नई एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। ऑक्सीजन सेचुरेशन लेवल 50 पर पहुंच जाने से उनकी हालत अचानक गंभीर होने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए चेन्नई एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। उन्हें सोमवार को एमजीएम चेन्नई अस्पताल के चिकित्सकों की देखरेख में एयर एंबुलेंस से चेन्नई ले जाया गया। शाम 5 बजे एकमो व वेंटिलेटर सपोर्ट पर ही उन्हें अस्पताल से निकालकर एम्बुलेंस में शिफ्ट किया गया। 5:06 बजे एम्बुलेंस मेडिका से एयरपोर्ट के लिए रवाना हुई। मेडिका अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ विजय मिश्रा ने बताया कि रविवार को चेन्नई की टीम आने से पहले मंत्री की स्थिति बिल्कुल नाजुक हो गई थी।
शिक्षा मंत्री को वेंटिलेटर सपोर्ट में डाला गया
हाई फ्लो में रहने के बाद भी उनका ऑक्सीजन सेचुरेशन 60 तक पहुंच गया था। जिसके बाद उन्हें औंधे मुंह लेटाकर इनवेसिव वेंटिलेटर सपोर्ट में डाला गया। वहीं टीम के आने के बाद देर रात करीब 3:15 बजे उन्हें एकमो (एक्स्ट्राकॉर्पोरियल मेंब्रेन ऑक्सीजनेशन) सपोर्ट में डाला गया। सुबह 5 बजे के बाद उनकी स्थिति में काफी सुधार हुई। इसके बाद चेन्नई की टीम शिक्षा मंत्री को एमजीएम ले जाने के लिए तैयार हुई। डॉ प्रदीप भट्टाचार्य ने बताया कि सुबह के 10:30 बजे तक उनका ऑक्सीजन सेचुरेशन 92-96 के बीच था। इधर, एमजीएम चेन्नई से रांची आने वाले चिकित्सकों में लंग्स ट्रांसप्लांट विशेषज्ञ डॉ. अपार जिंदल, डॉ मुरली कृष्णन, डॉ जुनैद अमीन, डॉ निरंजन और डॉ नरेश शामिल थे।
शिक्षा मंत्री के स्वास्थ्य को लेकर सभी चिंतित
सोमवार को करीब 1:45 बजे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शिक्षा मंत्री के स्वास्थ्य की जानकारी लेने मेडिका अस्पताल पहुंचे। करीब 1 घंटा वे एमजीएम चेन्नई से आये डॉ अपार जिंदल व डॉ मुरली कृष्णन से सारी जानकारियां ली। अस्पताल से निकलकर मुख्यमंत्री ने बताया कि शिक्षा मंत्री के स्वास्थ्य को लेकर सभी चिंतित है। इन्हें एमजीएम शिफ्ट करने की तैयारी चल रही है। फिलहाल उनकी मोनिटरिंग एमजीएम के चिकित्सकों द्वारा मिनट टू मिनट की जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर चिकित्सक अभी ले जाने का निर्देश देते है तो अभी, रात में तो रात में और दिन में तो दिन में ही उन्हें एयरलिफ्ट किया जाएगा। वहीं चिकित्सकों के निर्देश पर उन्हें एयर एम्बुलेंस से एमजीएम चेन्नई ले जाया गया। एयर एंबुलेंस 6:30 बजे रांची एयरपोर्ट से चेन्नई के लिए रवाना हुई। शिक्षा मंत्री के साथ उनके पुत्र अखिलेश महतो भी साथ में गए हैं।
मुख्यमंत्री और मंत्री बादल भी एयरपोर्ट तक गए छोड़ने गए
इधर, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद एयरपोर्ट पहुंचे। मुख्यमंत्री तबतक एयरपोर्ट पर रहे जबतक एयर एम्बुलेंस चेन्नई के लिए रवाना नहीं हुआ। बाहर निकलने के बाद मुख्यमंत्री ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि बहुत प्रयास के बाद शिक्षा मंत्री को चेन्नई भेजा जा सका। सरकार के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख भी प्रशासन के साथ शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो को छोड़ने एयरपोर्ट तक गए। उन्होंने मीडिया के माध्यम से सभी से आग्रह किया गया कि सभी शिक्षा मंत्री के जल्द स्वस्थ होने की कामना करें। उन्होंने बताया कि चेन्नई में लंग्स ट्रांसप्लांट के वरीय विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ बालाकृष्णन की देखरेख में मंत्री जगरनाथ महतो का इलाज चलेगा। पहले इसी फेफड़े को बचाने की कोशिश की जाएगी, अगर इससे काम नहीं चलेगा तो फेफड़े का प्रत्यारोपण किया जाएगा। जिसके बाद शिक्षा मंत्री स्वस्थ होकर सभी के बीच वापस लौटेंगे।
हाई पीप वेंटिलेशन पर रहे शिक्षा मंत्री
करीब 20 दिन से शिक्षा मंत्री कोरोना से जूझ रहे हैं। रविवार दोपहर में अचानक ऑक्सीजन सेचुरेशन लेवल कम होने की वजह से उनकी हालत गंभीर हो गई। इस दौरान रिम्स के स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की टीम ने उन्हें वेंटिलेटर पर डालकर हाई फ्लो ऑक्सीजन देकर सामान्य पर लाया था। वहीं शिक्षा मंत्री की हालत देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मौके पर पहुंच कर एमजीएम अस्पताल, चेन्नई की क्रिटिकल टीम और लंग्स ट्रांसप्लांटेशन के विशेषज्ञों से बात की और उन्हें रांची आने का आग्रह किया। वहीं रिम्स क्रिटिकल केयर के हेड डॉ. प्रदीप भट्टाचार्या ने बताया कि शिक्षा मंत्री को फिलहाल अभी 100 प्रतिशत इंट्रोवेट ऑफ ऑक्सीजन और हाई पीप वेंटिलेशन पर रखा गया है।
तीसरी जांच में भी पॉजिटिव मिला सैंपल
बता दें कि शिक्षा मंत्री 28 सितंबर को कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे। उस समय उनकी हालत काफी गंभीर होन के चलते उन्हें रिम्स के आइसीयू में भर्ती कराया गया था। कोरोना से संक्रमित होने के बाद शिक्षा मंत्री के लंग्स में 60 प्रतिशत संक्रमण फैल गया था। उनकी हालत में सुधार न होने के चलते उनके परिजनों ने उन्हें मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया था। 20 दिनों के दौरान उनका लंग्स 90 प्रतिशत संक्रमित हो चुका है। शिक्षा मंत्री का तीन बार सैंपल जांच के लिए भेजा जा चुका है। तीसरी बार भी शनिवार की रात 10 बजे उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव मिली थी।