द फॉलोअप टीम, रांची: जिले में अवैध माइनिंग की रोकथाम के मद्देनजर तैयारियों की समीक्षा के लिए बुधवार को रांची के डीसी छवि रंजन ने बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों को अवैध खनन सहित ईंट-भट्ठों के आसपास प्रदूषण आदि की जांच के सख़्त निर्देश दिए हैं।
डीसी ने अधिकारियों को दिया निर्देश
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सख़्त निर्देश देते हुए कहा कि, सभी अंचलाधिकारी संबंधित थाना प्रभारियों के साथ टीम तैयार कर जिला टास्क फोर्स के साथ संयुक्त छापामारी अभियान चलाएं। इसके लिए ज्यादा से ज्यादा संख्या में फोर्स लेकर जाएं। जिला स्तरीय विभिन्न टीमों का नेतृत्व जिला खनन पदाधिकारी एवं जिला परिवहन पदाधिकारी या एमवीआई करेंगे। सभी अंचलाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के माइनिंग एरिया के सम्बन्धित थाने से समन्वय स्थापित कर पुलिस फोर्स के साथ टीम का गठन करेंगे।
प्रदूषण मानकों की जांच सुनिश्चित करें
उपायुक्त ने कहा कि एनजीटी द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के आलोक में सभी अवैध खनन या लीज खनन क्षेत्र में भी दिशा-निर्देशों के अनुपालन की जांच करें। इसके अतिरिक्त ईंट-भट्ठों के आसपास के इलाकों में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहयोग से प्रदूषण के मानकों की भी जांच सुनिश्चित करें।
प्रदूषण बोर्ड के प्रतिनिधि को मिली फटकार
बैठक के दौरान उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधियों से माइनिंग के आसपास के इलाकों सहित चिमनी भट्ठों के आसपास प्रदूषण की जांच के संबंध में सवाल उठाए। इसपर संतुष्टिपूर्ण जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही, निर्देश दिया कि, जिला टास्क फोर्स के साथ समन्वय स्थापित कर जांच की कार्रवाई सुनिश्चित कर जांच प्रतिवेदन उपलब्ध करवाएं।
जीएम लैंड पर अवैध खनन रोंके
उपस्थित सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश देते हुए उपायुक्त ने कहा सभी सीओ इस बात पर विशेष ध्यान दें कि किसी भी जीएम लैंड पर किसी भी प्रकार का अवैध खनन नहीं हो। अगर कोई ऐसा करता हुआ पाया जाता है तो उसके खिलाफ़ सुसंगत धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई करें। इसके साथ ही पब्लिक लैंड पर जहां कहीं भी किसी प्रकार का इंक्रोचमेंट हो रहा हो तो ऐसे मामलों में सख़्ती से कार्रवाई करें