logo

झारखंड का पैसा लेकर नाइजीरिया में ऐश कर रहा है अपराधी!

3390news.jpg

द फॉलोअप टीम, धनबाद: को-ऑपरेटिव बैंक धनबाद के एक्सिस बैंक स्थित खाते से 1.55 करोड़ रुपये की हुई निकासी मामले में धनबाद पुलिस को कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस इस मामले की छानबीन करने को लेकर आने वाले दिनों में दिल्ली और मुम्बई जाने की तैयारी में है। पुलिस को यह भी पता चला है कि इस घटना का मास्टर माइंड अपने देश में नहीं बल्कि नाइजीरिया में शरण लिए हुए है।

मुबंई में ठीक इसी तरह की हुई थी घटना

धनबाद पुलिस के अनुसार पिछले दिनों मुम्बई के एक को-ऑपरेटिव बैंक से इसी प्रकार से एक करोड़ रुपये की निकासी हुई थी। इस मामले में स्थानीय पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में इन दो युवकों ने मास्टरमाइंड के नाइजीरिया में होने की बात पुलिस को बताई। हालांकि इन दोनों युवकों ने उसका नाम नहीं बता सके। इस मामला के सामने आने के बाद धनबाद साइबर पुलिस को इसी गैंग की संलिप्तता धनबाद की घटना में होने का शक है। साइबर डीएसपी सुमित सौरभ लकड़ा के अनुसार धनबाद के बैंक से पैसा निकालकर गाजियाबाद और म्यूर विहार दिल्ली के रहने वाले ललित राउत और अमन कुमार के खाते में राशि भेजी गई थी। पुलिस को इन दोनों का नाम और पता मिल चुका है। साइबर थाना पुलिस का मानना है कि जांच में ये दोनों महत्वपूर्ण कड़ी हो सकते हैं। ऐसे में इनकी गिरफ्तारी धनबाद पुलिस के लिए अहम है।

क्या है पूरा मामला

जून 2020 में को-ऑपरेटिव बैंक के खाते से राशि की निकासी हुई थी। यहां से पैसा निकालने के बाद दिल्ली, असम, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, दक्षिण भारत के राज्यों के विभिन्न खातों में पैसा भेजा गया था। पैसा स्थानांतरित होने के कुछ देर बाद ही इसकी निकासी भी कर ली गई थी। इस मामले में अब तक पुलिस पश्चिम बंगाल जा चुकी है, हालांकि असम समेत अन्य राज्यों में जाकर छानबीन करना बाकी है।