द फॉलोअप टीम, रांची:
वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव के स्वास्थ्य की जानकारी लेने बुधवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन रांची के मेडिका अस्पताल पहुंचे। मंत्री का हालचाल लेने के बाद सीएम ने चिकित्सकों से भी जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों को उनके बेहतर इलाज का निर्देश दिया है।
10 नवंबर से मेडिका में भर्ती हैं मंत्री
बता दें कि गत 10 नवंबर को मंत्री कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं। एहतियात के तौर पर उन्हें मेडिका में शिफ्ट किया गया है। मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने ट्वीट कर कहा था कि कोरोना पॉजिटिव होने के बाद मेडिका में भर्ती हुए हैं। मंत्री ने लोगों से फोन नहीं करने की सलाह दी है। साथ ही कहा कि स्वास्थ्य की जानकारी शुभचिंतकों को मिलती रहेगी।
मंत्री ने गोवा की राज्यपाल के निधन पर दुख जताया
इधर, प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डा रामेश्वर उरांव ने गोवा की पूर्व राज्यपाल श्रीमती मृदुला सिन्हा जी के निधन पर गहरा दुख एवं संवेदना प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि उनके निधन से मुझे व्यक्तिगत रुप से गहरा दुख पहुंचा है। मैं अपनी गहरी शोक संवेदना व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि मृदुला जी शिक्षा व साहित्य जगत से राजनीति में आयीं थीं। उनके निधन से शिक्षा, साहित्य व राजनीतिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। ईश्वर उनकी आत्मा को चिर शांति प्रदान करें। उन्होंने रांची के पूर्व क्रिकेटर धनंजय भारती के आकस्मिक निधन पर भी गहरा दुख प्रकट किया है।