logo

निरसा में मोबाइल चोरी के आरोपी का शव बरामद, पुलिस हिरासत से भागा था आरोपी

1702news.jpg
द फॉलोअप टीम, धनबाद : निरसा के कालूबथान ओपी से फरार मोबाइल चोरी के आरोपी प्रकाश गोराई का शव शुक्रवार सुबह नग्न अवस्था में पेड़ से लटका हुआ पाया गया। पुलिस आत्महत्या की बात कह रही है। वहीं मृतक के परिजनों ने मामले को हत्या करार दिया है। परिजनों का कहना है कि आरोपी की लाश थाना से एक किलोमीटर दूर मिली है। पुलिस हिरासत से भागने के बाद थाना के इतने नजदीक जाकर आत्महत्या करना संदेहास्पद है। बता दें कि आरोपी गुरुवार दोपहर पुलिस की हिरासत से भाग निकला था। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

हाथ में लगी है हथकड़ी
सुबह पीएनकेएन हाईस्कूल कलियासोल के पीछे बाउंड्रीवाल से सटे पेड़ पर प्रकाश का शव लोगों ने देखा। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। कालूबथान ओपी में गुरुवार की दोपहर चोरी के आरोप में पकड़ा गया निरसा के उपचुरिया निवासी प्रकाश गोराई बाथरूम के वेंटिलेटर के रास्ते भाग निकला था।

क्या है पूरा मामला ?
कालूबथान ओपी क्षेत्र के पिंडराहाट में निर्माणाधीन पावर सब स्टेशन परिसर से 7 सितंबर की रात 7 मोबाइल चोरी की घटना हुई थी। 8 सितंबर को पावर सबस्टेशन में कार्यरत कर्मी उत्तम बागती ने कालूबथान ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने चोरी के मोबाइल को टेक्निकल सेल की मदद से खोज निकाला था। इस मामले में निरसा थाना क्षेत्र के उपचुरिया गांव निवासी किशन बाउरी एवं अख्तर अंसारी को मंगलवार की देर रात चोरी के मोबाइल के साथ पकड़ा गया था। किशन बाउरी ने गांव के ही प्रकाश गोराई से मोबाइल खरीदने की बात पुलिस के सामने स्वीकारी की थी। इसके बाद पुलिस ने बुधवार की शाम प्रकाश समेत छह युवक को हिरासत में लेकर ओपी ले आई थी।

शौच के बहाने भागा था आरोपी
गुरुवार दोपहर लगभग ढाई बजे पुलिस हिरासत में प्रकाश ने शौच जाने की बात कही। इसके बाद ओपी में पदस्थापित चौकीदार ओपी परिसर में मौजूद शौचालय में प्रकाश गोराई को ले गया। शौचालय में घुसने के साथ प्रकाश गोराई ने शौचालय में लगे टाइल्स को उखाड़कर उसकी मदद से हाथों में लगी रस्सी को काट लिया तथा शौचालय के वेंटिलेटर के सहारे भाग निकला।

आधे घंटे से अधिक तक शौचालय से नहीं आई कोई आवाज 
आधे घंटे से अधिक समय तक शौचालय से कोई आवाज नहीं आने पर जब चौकीदार ने बाहर से आवाज दी तो अंदर से कोई आवाज नहीं आने के बाद शौचालय का दरवाजा तोड़ा गया, तो देखा कि प्रकाश गोराई शौचालय में लगे वेंटिलेटर के सहारे पीछे के रास्ते से भाग निकला है। इसके बाद ओपी में अतिरिक्त प्रभार पर मौजूद ओपी प्रभारी हरिशंकर मिश्रा ने इसकी सूचना निरसा एसडीपीओ को दी थी।