द फॉलोअप टीम, रांची : कांग्रेस के राजभवन मार्च से बौखलाई भाजपा ने कांग्रेस पर हमला बोला है। भाजपा ने कहा है कि अपने घोषणा पत्र में कृषि सुधारों की बात करनेवाली कांग्रेस, आज वही कृषि सुधार कानूनों का विरोध कर रही है। यह कांग्रेस का दोहरा चरित्र है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश सोमवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बोल रहे थे।
कांग्रेस-झामुमो घोषणा पत्र को लागू करे
दीपक प्रकाश ने राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी कांग्रेस और झामुमो पर हमला बोलते हुए कहा कि झूठा आंदोलन और विरोध की नौटंकी बंद करे राज्य सरकार। वही पहले अपने चुनावी घोषणा पत्र को लागू करे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस झामुमो ने सरकार गठन के तुरंत बाद 2 लाख तक का कृषि ऋण माफ, किसानों को स्वरोजगार हेतु 15 हजार का अनुदान, किसान बैंक की स्थापना, प्रखंड मुख्यालयों में कोल्ड स्टोरेज खोला जाना, किसानों को बिजली कनेक्शन मुफ्त, प्रत्येक प्रखंड में किसान स्कूल शुरू करने का आश्वासन दिया था, किंतु सरकार ने अभी तक कोई पहल नहीं की है, यह दुर्भाग्यजनक है।
किसानों के बीच जाएगी भाजपा
उन्होंने कहा कि कृषि सुधार से सम्बंधित तीनों कानूनों को लेकर पार्टी किसानों के घर-घर पहुंचने का कार्य करेगी। 15 दिन का कार्यक्रम यह होगा, जिसमें किसानों को जागरूक किया जाएगा। चौपाल बैठक, खटिया पंचायत, किसान नेताओं से चर्चा और बुद्धिजीवियों के साथ चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री व कृषि मंत्री को आभार पत्र भेजा जाएगा।