द फॉलोअप टीम
लोहरदगा : झारखण्ड की बेटियों ने हमेशा राज्य का सिर ऊँचा किया है. गरीबी - तंगहाली से जूझते हुए अपनी पढ़ाई जारी रखने वाली अंजली गंझू ने इंटरमीडियट साइंस की परीक्षा में जिला टॉप किया है. अंजलि ने 83 प्रतिशत मार्क्स लाकर लोहरदगा जिला में टॉप किया है. अंजलि की यह सफलता पुरे जिला में चर्चा का विषय बना हुआ है.
एकलव्य मॉडल रेसिडेंसियल स्कूल की छात्रा है अंजली
अंजली एकलव्य मॉडल रेसिडेंसियल स्कूल कुजरा की छात्रा है. अक्सर लोगों की शिकायत रहती है सरकारी विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था अच्छी नहीं होती है. पढ़ाई नहीं होती है, शिक्षक सिर्फ खानापूर्ति करते हैं लेकिन उसी सरकारी विद्यालय में पढ़कर जिला टॉपर बनकर इस मिथक को भी तोडा है.
इंजीनियर बनना चाहती है अंजली
इंटर साइंस में जिला टॉप करने के बाद अंजली अब आगे इंजीनियर बनना चाहती हैं. अंजली को सबसे अधिक फिजिक्स में 93 % मार्क्स मिले हैं. अंजली को अन्य सभी विषयों में भी डिस्टिंशन मार्क्स मिले हैं. एकलव्य मॉडल रेसिडेंसियल स्कूल की प्रिंसिपल अमृता मिश्रा ने बताया कि अंजली ने न सिर्फ स्कूल का नाम रौशन किया है बल्कि पुरे जिले का मान बढ़ाया है. अमृता मिश्रा ने कहा कि अंजली को पढ़ाई में स्कूल की तरफ से हर संभव मदद किया जायेगा.
माता - पिता दोनों हैं खुश
अंजली के माता - पिता इस सफलता से काफी खुश हैं. अंजली के पिता किसान हैं और मां आंगनबाड़ी सेविका है. दोनों बताते है कि हमें ऐसी उम्मीद नहीं थी कि अंजली लोहरदगा में जिला टॉपर बनेगी. अंजली ने भी कहा कि उसे पता था कि वह प्रथम श्रेणी में आएगी लेकिन जिले में टॉप करेगी यह नहीं सोचा था. पूरा परिवार अंजली के बेहतर रिजल्ट से बहुत खुश है. माता पिता कहते हैं परिवार के साथ-साथ चौकाहातू गांव का नाम भी अंजली ने रोशन किया है.
सरकारी स्कूल में पढ़ाने का गांव वालों ने किया था विरोध
अंजली रांची के सोनाहातू के चौकाहातुकी रहने वाली है. अंजली की प्रतिभा को देखते हुए परिवार वालों ने एकलव्य मॉडल रेसिडेंसियल स्कूल में उसका नामांकन करवाया था. उस वक्त गांव के लोग कहते थे सरकारी विद्यालय में इतनी दूर बेटी को क्यों पढ़ा रही हो, बेटी को इतनी दूर पढ़ना ठीक नहीं. लेकिन आज जब बेटी ने लोहरदगा में टॉप किया तो लोग बधाई देने लगे हैं. कहने लगे अंजली ने सरकारी विद्यालय का नाम ऊंचा कर दिया.