द फॉलोअप टीम, रांची:
त्योहारों के इस मौसम में चमकती धमकती राजधानी रांची के अपर बाजार की रंगरेज गली में सारी दुकानें बंद की जा रही है। दरअसल रंगरेज गली में स्थित एक धार्मिक स्थल में बुधवार की रात अज्ञात बदमाशों ने तोड़फोड़ कर दी। इससे गुरुवार की सुबह लोगों में गुस्सा फूट गया और प्रदर्शन करने के लिए सड़क पर उतर आए। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस भी इसे शरारती तत्व मानते हुए सीसीटीवी खंगाल कर मामले की जांच में जुट गई है। वहीं रांची के सांसद संजय सेठ, विधायक सीपी सिंह, सिटी एसपी सौरव पहुंचे और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। इसी के साथ फिर से नए शिवलिंग को मंदिर में स्थापित कर दिया गया है।
प्रदर्शनकारियों ने दुकानों को कराया बंद
दरअसल रंगरेज गली में स्थित शिव मंदिर में बदमाशों ने शंकर भगवान के शिवलिंग को बुधवार की रात तोड़ दिया। इस घटना की सूचना पर मौके पर आज सुबह लोगों की भीड़ जुट गयी। आक्रोशित लोगों को देखते हुए पुलिस भी सख्ती से मामले की जांच कर रही है। अब ये घटना धीरे-धीरे तूल पकड़ता जा रहा है। हालात को काबू करने के लिए अपर बाजार की सभी दुकानों को बंद करा दिया हैं। पुलिस आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी हुई है। वहीं कुछ हिन्दूवादी संगठन घटना के विरोध में सड़क पर आकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी के साथ प्रदर्शनकारी शिवलिंग को तोड़ने वाले बदमाश की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
व्यापारियों और ग्राहकों को हो सकती हैं दिक्कतें
गौरतलब है कि रांची की सबसे बड़ी औद्योगिक मंडी है। इस बाजार में शादियों से लेकर हर त्योहार में कपड़ों से लेकर किराना तक और हार्डवेयर से लेकर सोने-चांदी बड़ी मात्रा में खरीद बिक्री की जाती है। अब बाजार का माहौल खराब होने से इस त्योहार के समर में व्यापार से लेकर ग्राहक तक को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।