द फॉलोअप डेस्कः
कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले के येल्लापुरा में बुधवार सुबह एक भयानक सड़क हादसा हुआ। एक ट्रक 50 मीटर गहरी खाई में गिर गया, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई और 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, यह ट्रक सावनूर से फल और सब्जियां लेकर येल्लापुर में लगे मेले में जा रहा था। इसमें 25 से ज्यादा लोग सवार थे। सुबह करीब 5 बजे सावनूर-हुबली हाइवे पर ट्रक ड्राइवर ने दूसरे वाहन को साइड देने की कोशिश में कंट्रोल खो दिया और ट्रक खाई में गिर गया। एसपी एम नारायण ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। यह हादसा सड़क पर घाटी की ओर कोई सुरक्षा दीवार न होने की वजह से हुआ। मृतकों की पहचान फैयाज जमखंडी (45), वसीम मुदगेरी (35), एजाज मुल्ला (20), सादिक बाशा (30), गुलाम हुसैन जावली (40), इम्तियाज मुलाकेरी (36), अल्फाज जाफर मंडक्की (25), जिलानी अब्दुल जखाती (25), असलम बाबुली बेनी (24) के रूप में हुई है।

कर्नाटक के रायचूर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक गाड़ी पलटने से चार लोगों की मौत हो गई और 10 लोग घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए। यह हादसा सिंधनूर ट्रैफिक पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आता है। फिलहाल, इस हादसे के बारे में और जानकारी नहीं मिली है।

दोनों एक्सीडेंट में जान गंवाने वालों के घरवालों को मुआवजा मिलेगा कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने दोनों मामलों को लेकर दुख जताया है। उन्होंने कहा- उत्तर कन्नड़ जिले के येल्लापुर और रायचूर जिले के सिंधनूर में दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में कुल 14 लोगों की मौत की खबर सुनकर दिल दहल गया। सिद्धारमैया ने कहा- मैं मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। इन दुखद घटनाओं में अपने प्रियजनों को खोने वाले शोकाकुल लोगों के प्रति मेरी संवेदना है। मृतकों के परिवारों को सरकार मुआवजा देगी।