द फॉलोअप डेस्क
JPSC में कथित गड़बड़ी और धांधली के आरोपों की CBI जांच की मांग को लेकर दायर जनहित याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में 28 सितंबर को अगली सुनवाई हो सकती है। सुप्रीम कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, यह मामला पहले 24 सितंबर के लिए सूचीबद्ध था, लेकिन अब इसमें संभावित सुनवाई की तारीख 28 सितंबर दिखाई जा रही है। मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस सूर्यकान्त, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ के समक्ष प्रस्तावित है। इस मामले में अब तक हुई सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने झारखंड सरकार और JPSC को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। याचिकाकर्ता की ओर से अदालत के सामने मांग रखी गई है कि JPSC में कथित अनियमितताओं की जांच CBI को सौंपी जाए। इसके अलावा जांच किसी सेवानिवृत्त सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश की निगरानी में कराने का विकल्प भी रखा गया है। जनहित याचिका सामाजिक कार्यकर्ता हरिशरण देवगन ने अधिवक्ता सत्यम सिंह राजपूत के माध्यम से दाखिल की है।

JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच ने भी दाखिल की हस्तक्षेप याचिका
मामले में JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच की ओर से भी दो हस्तक्षेप याचिकाएं दाखिल की गई हैं। इन याचिकाओं के जरिए मंच ने मामले में अपना पक्ष रखने और सुनवाई में शामिल होने की मांग की है। अब सबकी नजर सुप्रीम कोर्ट में होने वाली अगली सुनवाई पर है, जहां JPSC में कथित गड़बड़ी की जांच को लेकर दायर इस जनहित याचिका पर आगे की कार्यवाही तय हो सकती है।