logo

एक तरफ CRPF के महानिदेशक कह रहे थे नक्सली अपने अंतिम पड़ाव पर हैं, दूसरी तरफ नक्सलियों ने बुजुर्ग की गला रेतकर कर दी हत्या, पर्चा भी छोड़ा 

Chaibasa_murder-2.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
शनिवार को CRPF के महानिदेशक डॉ सुजॉय लाल थाउसेन पश्चिमी सिंहभूम पहुंचे थे। कहा था कि झारखंड में नक्सली अपने अंतिम पड़ाव पर हैं। नक्सलियों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान की बहुत तारीफ की थी। लेकिन, उनके यह कहने के बाद शनिवार को ही देर रात भाकपा माओवादियों ने इसी जिले में एक बुजुर्ग की गला रेतकर हत्या कर दी। लोगों में दहशत फैले, इसके लिए उस बुजुर्ग की लाश को माओवादियों ने बीच सड़क पर फेंक दिया।

पर्चा छोड़कर ली हत्या की जिम्मेदारी
घटना पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा के गोइलकेरा थाना क्षेत्र स्थित गितिलपी चौक की है। यहां पुलिस मुखबिरी के शक में कदमदिहा निवासी 62 वर्षीय बुजुर्ग रंधो सुरीन उर्फ ड्राइवर का गला धारदार हथियार से रेत डाला। हत्या के बाद बुजुर्ग के शव को सड़क पर ही फेंक दिया। साथ ही वहां पर्चे भी छड़ दिये, जिसमें भाकपा माओवादी ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली है। साथ ही लिखा है कि पुलिस मुखबिरी करने पर ऐसा ही अंजाम होगा। इन पर्चों के मुताबिक, कदमदिहा में निवासी वह बुजुर्ग भाकपा माओवादियों की गतिविधियों की सूचना पुलिस को देते थे। रविवार की सुबह ग्रामीणों ने बुजुर्ग की लाश को सड़क पर पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।


एसपी बोले- पुलिस से कोई लेना-देना नहीं था रंधो सुरीन का
एसपी आशुतोष शेखर ने इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि नक्सलियों द्वारा गोइलकेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत लोवाबेड़ा के पास जंगल में नक्सलियों ने पुलिस मुखबिर बताकर 62 वर्षीय रंधो सुरीन उर्फ ड्राइवर की गला रेतकर हत्या कर दी है। रंधो सुरीन उर्फ ड्राइवर कदमडीह गांव के हारिबुरु टोला के रहनेवाले थे। फिलहाल वह लोवाबेरा वनग्राम में रहते थे। हालांकि, उन्होंने बताया कि मृतक का पुलिस से कोई लेना-देना ही नहीं था।

डॉ सुजॉय ने नक्सलियों के खिलाफ रणनीति पर की थी चर्चा
गौरतलब है कि CRPF के महानिदेशक डॉ सुजॉय लाल थाउसेन झारखंड के दो दिवसीय दौरे पर थे। शनिवार को वह पश्चिमी सिंहभूम पहुंचे थे और वहां नक्सलियों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान में शामिल अधिकारियों-जवानों से बातचीत की थी। महानिदेशक ने इस दौरान जवानों का हौसला भी बढ़ाया था। साथ ही स्थानीय पुलिस अधिकारियों के साथ नक्सलियों के खिलाफ आगे की रणनीति पर बैठक कर गहन चर्चा की थी।


कहा था- नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक जीत हासिल करेंगे
महानिदेशक डॉ सुजॉय लाल थाउसेन अधिकारियों के साथ CRPF कैंप और FOB में भी गये थे। वहां उन्होंने अधिकारियों और जवानों का उत्साहवर्धन किया था। महानिदेशक ने झारखंड में माओवादियों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियानों की प्रशंसा करते हुए कहा था कि झारखंड में नक्सली अपने अंतिम पड़ाव पर हैं। कुछ सीमित क्षेत्र में ही नक्सली गैरकानूनी गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं। उनकी गतिविधियों पर जल्द ही अंकुश लगाया जायेगा। नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक जीत हासिल की जायेगी। उसके बाद उसी दिन देर रात को नक्सलियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए बुजुर्ग की हत्या कर लाश को सड़क पर फेंक दिया।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N