logo

CM ने 3044 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र, कहा- हुनर है तो परिवार भूखा नहीं रहेगा

CM ने 3044 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र, कहा- हुनर है तो परिवार भूखा नहीं रहेगा

द फॉलोअप डेस्क, रांची
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को प्रोजेक्ट भवन में कौशल विकास योजना के तहत प्रशिक्षित 3,044 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान उन्होंने युवाओं को बदलते समय के साथ खुद को तैयार करने और अपने कौशल को लगातार विकसित करने की सलाह दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के दौर में हुनर सबसे बड़ी ताकत है। अगर किसी व्यक्ति के हाथ में हुनर है, तो वह न केवल अपना बल्कि अपने परिवार का भी भरण-पोषण कर सकता है। उन्होंने युवाओं से कहा कि समय के साथ नहीं बदलने वालों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो सकता है। सीएम ने युवाओं को प्रशिक्षित करने वाली संस्था प्रेक्षा फाउंडेशन की भी सराहना की।

HEC का उदाहरण देकर समझाया समय के साथ बदलाव का महत्व

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में HEC का उदाहरण देते हुए कहा कि एक समय इस संस्थान ने देश के कई उद्योगों की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसे मदर फैक्ट्री कहा जाता था, लेकिन समय के साथ यह खुद को बदल नहीं पाया और आज नीलामी के कगार पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को इस उदाहरण से सीखने की जरूरत है। जो समय और तकनीक के अनुसार खुद को नहीं ढालते, उन्हें नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने एक कंपनी का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां 400 लोगों को नौकरी से निकाल दिया गया। ऐसे में युवाओं को लगातार नई चीजें सीखने और अपने कौशल को बेहतर बनाने की जरूरत है।

पिछले कार्यकाल में एक लाख से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ा

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले कार्यकाल में एक लाख से अधिक नौजवानों को रोजगार से जोड़ने का काम किया है। युवाओं को आगे भी अवसर मिलेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा, "आप एक कदम चलिए, हम आपको दस कदम आगे लेकर जाएंगे।"

नर्सिंग और टेक्सटाइल में पुरुषों के लिए भी रोजगार के अवसर

रोजगार के बदलते स्वरूप पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब नर्सिंग का क्षेत्र केवल महिलाओं तक सीमित नहीं है। पुरुष नर्सों की भी आवश्यकता है और इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुरुष काम कर रहे हैं। इसी तरह टेक्सटाइल इंडस्ट्री में भी लड़के रोजगार के अवसर तलाश सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज काम के क्षेत्र में महिला और पुरुष के बीच कोई भेदभाव नहीं है। महिलाएं भी सुरक्षित माहौल में रात की शिफ्ट में काम कर रही हैं।

कल्याण विभाग के हॉस्टलों में बच्चों को मिलेगा भोजन

मुख्यमंत्री ने शिक्षा और कल्याण विभाग की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि झारखंड में शिक्षा का स्तर काफी देर से विकसित होना शुरू हुआ। ऐसे में आने वाली पीढ़ी को बेहतर भविष्य देने के लिए शिक्षा की रफ्तार तेज करनी होगी। उन्होंने कहा कि सरकार के उत्कृष्ट विद्यालयों में गरीब परिवारों के बच्चे भी बेहतर शिक्षा हासिल कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने कल्याण विभाग के सभी छात्रावासों में बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। अब बच्चों को भोजन की चिंता छोड़कर अपनी पढ़ाई पर ध्यान देना है।

झारखंड के बच्चे बनेंगे पायलट, सरकार उठाएगी ट्रेनिंग का खर्च

मुख्यमंत्री ने कल्याण विभाग की पायलट प्रशिक्षण योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत करीब 50-60 बच्चों ने पायलट बनने का निर्णय लिया था। शुरुआत में जिस कंपनी में बच्चों को प्रशिक्षण के लिए भेजा गया, वह फर्जी निकली। इसके बाद सरकार ने अपनी प्रशिक्षण व्यवस्था शुरू की। अब चयनित बच्चों की कमर्शियल पायलट ट्रेनिंग का खर्च सरकार उठा रही है।


40 साल बाद की तैयारी आज से करनी होगी

झारखंड की खनिज संपदा और भविष्य की चुनौतियों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में देश की सबसे अधिक खनिज संपदा है। लगभग 12 से 14 जिले खनन गतिविधियों से प्रभावित हैं। कई क्षेत्रों में अगले 50 वर्षों तक खनन कार्य जारी रह सकता है। ऐसे में उन इलाकों में रहने वाले लोगों के भविष्य को लेकर अभी से तैयारी करनी होगी। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में लोग खेती-बाड़ी के सहारे अपना जीवनयापन करते थे, वहां खनन गतिविधियों के कारण परिस्थितियां बदल रही हैं। 40 साल बाद खेती और किसानों की स्थिति क्या होगी, इसकी कोई गारंटी नहीं है। इसलिए आने वाली पीढ़ी के लिए आज से ही वैकल्पिक रोजगार और कौशल विकास की व्यवस्था करनी होगी।

झारखंड में ट्रेनिंग लेकर यहीं की कंपनियों में काम करें युवा

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि झारखंड के युवाओं को राज्य में ही बेहतर प्रशिक्षण मिले और प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हें यहीं की कंपनियों में रोजगार उपलब्ध कराया जा सके। इससे स्थानीय युवाओं को अपने राज्य में ही रोजगार के अवसर मिलेंगे और उद्योगों को भी प्रशिक्षित मानव संसाधन मिलेगा।

कोविड के बाद अब तक पूरी तरह नहीं संभली अर्थव्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कोविड महामारी और लॉकडाउन का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान पूरा देश और दुनिया प्रभावित हुई थी। इसका सबसे बुरा असर अर्थव्यवस्था पर पड़ा। अर्थव्यवस्था को जो नुकसान हुआ, वह अब तक पूरी तरह नहीं संभल पाया है। ऐसे समय में युवाओं को लगातार आगे बढ़ने और बदलती परिस्थितियों के अनुरूप खुद को तैयार करने की जरूरत है।

Tags - CMHemant Sorenappointment letter3044 youthJharkhand