logo

UP Election : गृह राज्य मंत्री के बेटे आशीष मिश्रा को HC से जमानत मिलने पर सियासत ने ली अंगड़ाई, जानिये किसने क्या कहा

गृह राज्य मंत्री के बेटे आशीष मिश्रा को HC से जमानत मिलने पर सियासत ने ली अंगड़ाई, जानिये किसने क्या कहा

लखनऊ:

यूपी में आज पहले चरण की वोटिंग हो रही है। राजनीतिक पंडितों के बकौल इसमें किसानों से जुडे मुद्दे प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं। किसान लखीमपुर की घटना भूले नहीं हैं। जिसमें गाड़ी के कुचलने से चार किसानों की मौत हो गई थी। वहीं घटना के बाद चार और लोगों की भी मौत हो गई थी। मामला 3 अक्‍टूबर 2021 का है। मुख्‍य आरोप केंद्रीय गृह राज्‍यमंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्रा पर लगा था। काफी हंगामे के बाद उन्हें 10 अक्तूबर को गिरफ्तार किया गया था। हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने आज उन्हें जमानत दे दी है। कल जेल से उन्हें रिहाई मिल सकती है। 

 

 

पहले चरण के मतदान के दिन आशीष की जमानत की खबर ने सियासी गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। इसपर सबसे पहले किसान नेता राकेश सिंह टिकैत ने सवाल उठाया है। कहा कि क्या इतने गंभीर मामले में किसी आम आदमी को इतनी जल्दी बेल मिल जाती? वह इसका विरोध करते हैं। उनके भाजपा विरोध को बल मिला है, वह इसे प्रचारित करेंगे। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आशीष मिश्रा को ज़मानत मिलने पर सीधा पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। कहा, अब खुला घूमेगा लखीमपुर खीरी कांड का मुख्य आरोपी। रालोद मुखिया जयंत चौधरी ने व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए तंज़ कसा है।

 

बता दें कि एसआईटी ने भी अपनी जांच में आशीष मिश्रा को मुख्‍य आरोपी बनाया था। 5 हजार पन्‍नों की अपनी चार्जशीट में एसआईटी ने बताया था कि आशीष मिश्रा को घटनास्‍थल पर मौजूद था। उसके ही रिवाल्‍वर और राइफल से फायरिंग भी हुई थी। हालांकि आशीष मिश्रा इससे इनकार किया था। लेकिन पुलिस ने बैलेस्टिक रिपोर्ट के आधार पर फायरिंग की पुष्टि की थी।