द फॉलोअप डेस्क
केरल के त्रिशूर जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। यहां कुन्नमकुलम में एक 55 वर्षीय महिला की उसके ही रिश्तेदार ने कथित रूप से हत्या कर दी है। पुलिस ने कहा कि इसकी जानकारी सोमवार शाम को दी गई है। बताया जा रहा है कि हत्या के बाद आसपास के रहने वाले लोगों ने कन्नन नाम के संदिग्ध को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है। मृतका की पहचान सिंधु के रूप में की गई है, जो अपने घर के पास ही आटा चक्की चलाती थी।
आशंका जतायी जा रही है कि रात करीब 8 बजे महिला की हत्या की गई है। हालांकि, अब तक यह नहीं पता चल पाया है कि हत्या के पीछे का कारण क्या है। बहरहाल, इस मामले में पूछताछ जारी है। बता दें कि पुलिस की गिरफ्त में मौजूद संदिग्ध के पास से मृतका के सोने के गहने बरामद किए गए हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि मामला लूट का भी हो सकता है। जानकारी हो कि हत्या के समय मृतका सिंधु के पति घर से दूर थे।