द फॉलोअप डेस्क
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज झारखंड में दस्तक देगी। पाकुड़ के रास्ते झारखंड में यह न्याय यात्रा प्रवेश करेगी। इसे लेकर सारी राजनीतिक और प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गई है। दोपहर करीब 2:45 बजे राहुल गांधी का काफिला झारखंड की सीमा में पहुंचेगा। यहां नसीपुर मोड़ के पास फ्लैग हैंडओवर समारोह के बाद राहुल गांधी नसीपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद नगरनबी मोड़, बाहिरग्राम रोड होते हुए पाकुड़ शहर में यात्रा प्रवेश करेगी। यहां रात्रि विश्राम के बाद तीन फरवरी को गोड्डा की ओर रवाना हो जाएंगे।

गोड्डा में शहीद स्तंभ के पास आदिवासी समाज करेगा स्वागत
3 फरवरी को गोड्डा में शहीद स्तंभ के पास आदिवासी समाज की ओर से सुबह 9 बजे उनका स्वागत किया जाएगा। 11 बजे राहुल गांधी का काफिला कोठिया मोड़ व शंभेश्वर नाथ मोड़ पहुंचेगा। यहां से उनका काफिला देवघर की ओर रवाना होगा। करीब 2:30 बजे बाबा वैद्यनाथ धाम दर्शन के लिए पहुंचेंगे। 3:15 बजे टावर चौक देवघर से यात्रा शुरू हो कर वीर कुंवर सिंह चौक तक पहुंचेगी। रात्रि विश्राम हलकट्टा धनबाद में होगा। प्रदेश महासचिव तनवीर आलम ने कहा कि न्याय यात्रा की सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी है। पाकुड़ में राहुल गांधी की न्याय यात्रा ऐतिहासिक होगी। यहां की जनता व कार्यकर्ताओं का उनका बेसब्री से इंतजार है।

झारखंड में 8 दिन रहेंगे राहुल गांधी
यात्रा के दौरान राहुल गांधी झारखंड में 8 दिन रहेंगे। झारखंड के पांच प्रमंडलों के 13 जिलों में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा होगी। फरवरी की शुरुआत में न्याय यात्रा का कारवां झारखंड के 'संताल परगना पहुंचेगा। आठ दिनों की यात्रा में 804 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। बता दें कि झारखंड में यह यात्रा दो चरणों में होगी। पहले चरण में 11 जिलों में यात्रा निकाली जाएगी, जबकि दूसरे चरण में पलामू-गढ़वा में यात्रा पहुंचेगी फिर बिहार निकल जाएगी। पश्चिम बंगाल से झारखंड के संताल परगना में न्याय यात्रा प्रवेश करेगी। झारखंड के दुमका, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, रांची, खूंटी, सरायकेला, जमशेदपुर, चाईबासा, पलामू और गढ़वा में न्याय यात्रा का कारवां जाएगा। इसके लिए यात्रा में इंडिया गठबंधन के नेताओं को भी न्योता दिया गया है।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N\