logo

झारखंड : 12 जुलाई को PM करेंगे देवघर एयरपोर्ट का उद्धघाटन, 25 जुलाई से दिल्ली के लिए सीधी उड़ान  

Deoghar.jpg

डेस्क: 
14 जुलाई से शुरू हो रहे श्रावणी मेले की शुरुआत से पहले देवघर एयरपोर्ट के रूप में झारखंड वासियों को खुशियों की सौगात मिलने जा रही रही है। 12 जुलाई को प्रधानमंत्री देवघर एयरपोर्ट का   करेंगे जिसकी तैयारियां जोरों पर हैं। ऐसे में अधिकारियों का एयरपोर्ट पर आना-जाना लगा हुआ है।  नागरिक विमानन मंत्रालय भारत सरकार के सचिव राजीव बंसल और झारखंड के मुख्य सचिव सुकदेव के साथ राज्य के डीजीपी नीरज सिन्हा ने भी शुक्रवार को एयरपोर्ट का जायजा लिया। 

देवघर का हवाई अड्डा तो काबिले तारीफ!

इस दौरान नागरिक विमानन मंत्रालय के सचिव राजीव बंसल ने कहा कि उन्होंने देश के तमाम जगहों पर एयरपोर्ट को देखा है, देवघर का हवाई अड्डा तो काबिले तारीफ है, बेस्ट है। इतना ही नहीं सचिव राजीव बंसल ने बताया कि उद्घाटन के दो से तीन दिन के बाद ही रांची, कोलकाता और पटना के लिए हवाई सेवा की शुरुआत हो जाएगी। मतलब झारखंड के लोगों को अब और सहूलियत होगी अब वे चाहे तो रांची से या नवनिर्मित देवघर एयरपोर्ट से भी फ्लाइट पकड़ कर घंटो का सफर मिनटों में तय कर सकते है। एयरपोर्ट का उद्धघाटन उन श्रद्धालुओं के लिए भी हर्ष की बात होगी जो लम्बी दूरी की वजह से अपने ईष्ट के दर्शन नहीं कर पाते थे। अब उन्हें ट्रेन या बस का अलावा त्वरित और आरामदायक सेवा का भी विकल्प मिल सकेगा।

     

गौरतलब है कि पहले देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को रांची एयरपोर्ट पर उतरने के बाद ट्रेन या बस के जरिये देवघर तक का सफर तय करना पड़ता था। ट्रेन से जहां ज्यादा समय लगने की समस्या बनी रहती है वहीं बस की यात्रा काफी तकलीफदेह रहती है। दरअसल, श्रद्धालुओं को रांची से देवघर तक की सैकड़ों किमी तक की दूरी कई घंटे के लगातार सफर करके तय करनी होती है। मुख्य मार्ग में पड़े बड़े-बड़े खड्डे इस तकलीफ को और बढ़ा देते हैं। चूंकि मानसून का समय है। लगातार बारिश हो रही है। कई बार यात्रियों को मार्ग अवरुद्ध होने जैसी समस्या से भी दोचार होना पड़ता है। सड़क पर जलजमाव की स्थिति रहती है लेकिन अब देवघर एयरपोर्ट से नियमित उड़ान सेवा शुरू होने के बाद घंटों में तय होने वाली तकलीफदेह यात्रा महज कुछ मिनटों की सुखद यात्रा में तब्दील हो जायेगी। पूरे संताल परगना को इस श्रावणी मेले में एयरपोर्ट की सौगात मिलने वाली है। ये ना केवल देवघर बल्कि पूरे संताल परगना और झारखंड के लिए गर्व की बात है। 

शुरुआत पटना-रांची और कोलकाता के लिए उड़ान सेवा से 
उद्धघाटन के पूर्व मिली जानकारी के मुताबिक, 12 जुलाई को उद्धघाटन  के 2 दिन बाद उड़ान सेवा की शुरूआत  कोलकाता, पटना और रांची के लिए उड़ान से की जाएगी। इसके बाद दूसरे चरण में 25 जुलाई से देवघर से राजधानी दिल्ली के लिए सीधी उड़ान सेवा की शुरूआत की जाएगी। देवघर एय़रपोर्ट के शुरू होने और देश के बड़े शहरों से कनेक्ट होने का सीधा लाभ संथाल परगना के लोगों को मिलेगा। साथ ही बिहार के भागलपुर, बांका और जमुई जिले के लोग भी बेहद कम समय में देवघर एयरपोर्ट पहुंचकर विमान सेवा का लाभ उठा पाएंगे। देवघर एयरपोर्ट को अपग्रेड कर 4C लाइसेंस दे दिया गया है। जिसके बाद 467 एकड़ में फैले इस एयरपोर्ट से अब भारी वाणिज्यक विमानों का भी परिचालन संभव हो सकेगा। 

इतना ही नहीं, झारखंड हाईकोर्ट ने भी तीन महीने के भीतर देवघर एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग की सुविधा बहाल करने को लेकर निर्देश जारी किया कर दिया है। अब इंतज़ार है तो बस 12 जुलाई का जिस दिन झारखंड वासियों की यात्रा सुलभ और राज्य की अर्थव्यवस्था को गति देने में देवघर एयरपोर्ट का भी नाम जुड़ जायेगा।