जामताड़ा:
Jamtara News: रेल यात्रा के दौरान तेज आवाज में मोबाइल पर बात करना, लाउडस्पीकर पर गाने सुनना या वीडियो चलाना अब यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। सहयात्रियों की सुविधा और ट्रेनों में शांति बनाए रखने के लिए पूर्व रेलवे ने मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। रेलवे ने अपने सभी मंडलों को इन निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है। नियमों का उल्लंघन कर दूसरों के लिए परेशानी या उपद्रव पैदा करने वाले यात्रियों पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

मोबाइल पर गाना बजाने के लिए करना होगा ईयरफोन का इस्तेमाल
पूर्व रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेन और स्टेशन परिसर में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते समय सार्वजनिक शिष्टाचार का ध्यान रखें। मोबाइल पर गाने सुनने या वीडियो देखने के दौरान लाउडस्पीकर का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई है। इसके लिए यात्रियों को ईयरफोन या हेडफोन का इस्तेमाल करना चाहिए। इसके अलावा मोबाइल पर तेज आवाज में या लंबे समय तक बातचीत करने से बचने को कहा गया है। यात्रियों को फोन साइलेंट या वाइब्रेशन मोड पर रखने और रिंगटोन की आवाज कम रखने की भी सलाह दी गई है।
एसी कोच में शोरगुल रोकने पर विशेष जोर
रेलवे प्रशासन के अनुसार, मोबाइल फोन से होने वाला अनावश्यक शोर सहयात्रियों की नींद और आराम में बाधा डालता है। खासकर वातानुकूलित (AC) कोचों में यात्रियों को शांत वातावरण की जरूरत होती है। ऐसे में तेज आवाज में बातचीत, गाने बजाने और वीडियो चलाने से दूसरे यात्रियों को असुविधा होती है।
हिंदी और क्षेत्रीय भाषाओं में होगा जागरूकता अभियान
निर्देशों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए रेलवे यात्रियों को जागरूक भी करेगा। इसके तहत रेलवे स्टेशनों पर और जहां संभव हो, ट्रेनों के भीतर सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (Public Announcement System) के माध्यम से नियमित घोषणाएं की जाएंगी। ये घोषणाएं हिंदी, अंग्रेजी और संबंधित क्षेत्रीय भाषाओं में होंगी। इसके अलावा स्टेशनों के प्रमुख स्थानों और कोचों में जागरूकता संबंधी पोस्टर, सूचना-पट्ट और स्टिकर लगाए जाएंगे। एसी कोचों में भी यात्रियों को शोरगुल से बचने के लिए विशेष रूप से जागरूक किया जाएगा।
नियम तोड़ने पर रेलवे अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
पूर्व रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी यात्री का व्यवहार दूसरों के लिए परेशानी या उपद्रव का कारण बनता है, तो उसके खिलाफ रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 145 (यथासंशोधित) के तहत कार्रवाई की जा सकती है। इस प्रावधान के तहत दोषी पाए जाने पर 1,000 रुपये तक का जुर्माना और छह महीने तक की जेल का प्रावधान बताया गया है। मामले की प्रकृति और लागू कानूनी प्रावधानों के अनुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
टिकट परीक्षक भी कर सकेंगे कार्रवाई
रेलवे के निर्देश के अनुसार, सक्षम वाणिज्यिक कर्मचारियों को नियमों के अनुपालन की जिम्मेदारी दी गई है। टिकट परीक्षक (Ticket Examiner) या उससे ऊपर के पद के अधिकृत कर्मचारी अधिनियम के प्रावधानों के तहत उचित कार्रवाई शुरू कर सकेंगे। पूर्व रेलवे मुख्यालय ने सभी मंडलों को जागरूकता अभियान और की गई दंडात्मक कार्रवाइयों का विवरण तैयार कर अनुपालन रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान दूसरों की सुविधा और शांति का ध्यान रखें। मोबाइल फोन का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करें, ताकि सभी यात्रियों की रेल यात्रा आरामदायक और सुखद बनी रहे।