logo

न्यूजक्लिक के HR हेड बनेंगे सरकारी गवाह, क्या पोर्टल के चीन कनेक्शन का खुलेगा राज? 

PORTAL.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

न्यूजक्लिक के HR हेड अमित चक्रवर्ती सरकारी गवाह बनेंगे। इसके लिए चक्रवर्ती ने दिल्ली की अदालत में अर्जी दाखिल की है। चक्रवर्ती ने कोर्ट से यूएपीए यानी आतंकवाद विरोध कानून के तहत जारी मुकदमे में सरकारी गवाह बनने की इच्छा जाहिर की है। जानकारों का मानना है कि चक्रवर्ती कुछ ऐसी बातें बता सकते हैं जिससे न्यूजक्लिक के चीन से फंडिंग मामले पर से पर्दा उठ सकता है। बता दें कि न्यूज पोर्टल न्यूजक्लिक पर चीन से फंडिंग लेने का आरोप लगा है। जांच एजेंसियों के मुताबिक इस फंड का इस्तेमाल राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में किया गया। 

आगे क्या होगा 

चक्रवर्ती के सरकारी गवाह बनने की अर्जी को जजों की एक बेंच ने मजिस्ट्रेट अदालत को प्रेषित कर दिया है। अब मजिस्ट्रेट अदालत तय करेगी कि चक्रवर्ती को सरकारी गवाह बनाया जा सकता है या नहीं। इसके बाद चक्रवर्ती मजिस्ट्रेट अदालत के समक्ष बयान देंगे। इसी बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जायेगी। अगर चक्रवर्ती के बयान में चीन से फंडिंग मामले में कुछ महत्वपूर्ण तथ्य निकल कर आते हैं, तो उनका सरकारी गवाह बनना तय माना जा रहा है। हालांकि चक्रवर्ती ने कहा है कि उनके पास कुछ गोपनीय जानकारी है। 

हिरासत में हैं न्यूज पोर्टल के संपादक 

गौरतलब है कि चीन से फंडिंग मामले की खबरें मीडिया में आने के बाद न्यूजक्लिक के संस्थापक और संपादक प्रबीर पुरकायस्थ को 3 अक्टूबर को न्यायिक हिरासत में लिया गया था। वे तब से जेल में हैं। मामले में सबसे पहले दिल्ली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। न्जूक्लिक पर आरोप लगाया गया कि पोर्टल ने चीन से फंडिंग हासिल की है। इसके बदले पोर्टल ने चीन के समर्थन में कुछ ऐसी खबरें प्रकाशित की, जिनसे देश की संप्रभुता खतरे में पड़ सकती है।