logo

ऑफिस कंप्यूटर में WhatsApp Web इस्तेमाल करते हैं तो संभल जाइए, लीक हो सकती है निजी जानकारी!

ऑफिस कंप्यूटर में WhatsApp Web इस्तेमाल करते हैं तो संभल जाइए, लीक हो सकती है निजी जानकारी!

द फॉलोअप डेस्क:

ऑफिस कंप्यूटर, लैपटॉप या किसी दूसरे व्यक्ति के कंप्यूटर पर व्हाट्सएप वेब इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एडवाइजरी जारी की है। भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र ने WhatsApp Web के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर जरूरी गाइडलाइन जारी की है। दरअसल, यूजर्स को सावधान किया गया है कि कंप्यूटर पर व्हाट्सएप वेब लॉग-इन सेशन खुला छोड़ने से साइबर अपराधियों की आसान पहुंच आपके अकाउंट तक हो सकती है। इसके जरिए साइबर अपराधी न  केवल आपकी निजी चैट पढ़ सकते हैं, बल्कि आपके नाम से दूसरे लोगों को मैसेज भी भेज सकते हैं। यह मैसेज आपको मुश्किल में डाल सकता है। 

 

साइबर अपराधी ऐसे उठा सकते हैं लाभ!
भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र द्वारा जारी एडवाइजरी में आगाह किया गया है कि कुछ परिस्थितियों में पहले से लॉग-इन व्हाट्सएप वेब सेशन का दुरुपयोग करके किसी यूजर के अकाउंट तक बिना मंजूरी के पहुंच बनाई जा सकती है। ऐसा हुआ तो साइबर अपराधी संबंधित यूजर का ना केवल निजी चैट पढ़ लेंगे, बल्कि वे अकाउंट धारक की पहचान का इस्तेमाल करके दूसरे लोगों को मैसेज भेज सकते हैं। उसकी कॉन्टैक्ट लिस्ट और ग्रुप चैट तक घुस सकते हैं। इसका इस्तेमाल धोखाधड़ी, फिशिंग और सोशल इंजीनियरिंग जैसे साइबर क्राइम के लिए किया जा सकता है। साइबर अपराधी यूजर के व्हाट्सएप का इस्तेमाल करके उसके परिचितों और अन्य संपर्कों को भी निशाना बना सकते हैं। 

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने यूजर्स को क्या सलाह दी!
गृह मंत्रालय ने यूजर्स को सलाह दी है कि वे मुख्य रूप से ऑफिस कंप्यूटर, साझा सिस्टम और सार्वजनिक कंप्यूटर जैसे कि कैफे वगैरह में व्हाट्सएप वेब का इस्तेमाल करते हुए विशेष सावधानी बरतें। मंत्रालय का कहना है कि ऐसे कंप्यूटर जिनका इस्तेमाल एक से अधिक लोग करते हैं, वहां व्हाट्सएप वेब का लॉग-इन सेशन खुला छोड़ना काफी जोखिम भरा साबित हो सकता है। यूजर्स को यह भी सलाह दी है कि वे व्हाट्सएप वेब पर सरकारी, संस्थागत, वित्तीय और गोपनीय जानकारी साझा करने से बचें। यदि जरूरत नहीं है तो कंप्यूटर में व्हाट्सएप वेब को लॉग-इन करके नहीं रखें। ध्यानपूर्वक उसे लॉग-आउट कर दें। 

इनकॉग्निटो या प्राइवेट ब्राउजिंग मोड का इस्तेमाल
एडवाइजरी में यह साफ किया गया है कि व्हाट्सएप वेब का इस्तेमाल करने के बाद उसे मैन्युअली लॉगआउट करना जरूरी है। केवल ब्राउजर या विंडो अथवा टैब बंद कर देना पर्याप्त नहीं है। यूजर्स को सलाह दी गई है कि वे काम पूरा होने के बाद व्हाट्एस वेब से बकायदा लॉगआउट करें। यदि ऑफिस लैपटॉप या साझा कंप्यूटर का इस्तेमाल करते हैं तो ऐसे लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। एडवाइजरी में कहा गया है कि यदि विशेष परिस्थिति में दूसरे कंप्यूटर पर व्हाट्सएप वेब का इस्तेमाल करना जरूरी हो तो भरोसेमंद कंप्यूटर पर इनकॉग्निटो या प्राइवेट ब्राउजिंग मोड का इस्तेमाल करें। हालांकि, जब काम पूरा हो जाये तो यहां भी व्हाट्सएप वेब को मैन्युअली लॉगआउट करना जरूरी है। 

सार्वजनिक कंप्यूटर-साइबर कैफे का इस्तेमाल गलत
यूजर्स को सलाह दी गई है कि वे साइबर कैफे, सार्वजनिक कंप्यूटर कियोस्क, होटल  के बिजनेस सेंटर और दूसरों के लैपटॉप या कंप्यूटर पर व्हाट्सएप लॉग-इन करने से बचें। यूजर्स को अपने व्हाट्सएप अकाउंट की गतिविधियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है। कहा है कि यदि आपके अकाउंट से ऐसे मैसेज भेजे जा रहे हैं जिन्हें आपने नहीं भेजा, संपर्कों की ओर से असामान्य जवाब मिल रहा हो या अकाउंट में कोई अन्य संदिग्ध गतिविधि दिखे तो इसे गंभीरता से लेते हुए साइबर पुलिस से संपर्क करें। 

Tags - WhatsApp WebCyber SecurityCyber CrimeMinistry of Home Affair'sCyber Advisory