द फॉलोअप नेशनल डेस्क
आइसक्रीम खाने के दौरान उसके बीच से इंसान की उंगली निकली। इससे एक महिला के साथ उसके परिवार के लोग भी दहशत में आ गये। वाकिया मुंबई की मलाड उपनगरी में पेश आया है। महिला का कहना है कि उसने ऑनलाइन ऑर्डर कर आइसक्रीम मंगाई थी। जब उसे खाने के लिए खोला गया तो उसमें से इंसान की एक उंगली निकली। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी है। वहीं, कटी उंगली को फोरंसिक जांच के लिए लैब में भेज दिया गया है। महिला ने पुलिस को बताया है कि उसने ने ऑनलाइन ऑर्डर के जरिये Yummo Ice Creams से पैक मंगवाया था।

क्या बताया पुलिस ने
इस मामले की मलाड पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करायी गयी है। पुलिस ने कहा है कि आइसक्रीम से उंगली का निकलना हैरान करने वाली बात है। इसके तार मर्डर से जुड़े हुए हो सकते हैं। उंगली को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। इसकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी। बताया कि आइसक्रीम बनाने वाली कंपनी और इसकी ऑनलाइन डिलिवरी करने वाली एजेंसी से भी पूछताछ की जायेगी। पुलिस ने जानकारी दी है कि उंगली के साथ आइसक्रीम को भी जांच के लिए भेजा गया है।

कौन है शिकायतकर्ता महिला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिस महिला ने ऑनलाइन आइसक्रीम मंगाई है, उसका नाम ऑरलेम ब्रैंडन सेराओ है। पेशे से डॉक्टर सेराओ मुंबई की उपनगरी मलाड में रहते हुए निजी प्रैक्टिस करती हैं। सेराओ ने बताया कि आइसक्रीम में जब उंगली जैसी चीज दिखाई पड़ी तो पहले पहल उसे लगा कि ये खाने की ही कोई सामग्री है, जिसे आइसक्रीम का टेस्ट बढ़ाने के लिए इसके बीच रखा गया है। लेकिन ध्यान से देखने पर ये इंसान की उंगली निकली। इसके बाद सेराओ ने मलाड पुलिस से संपर्क किया। सेराओ ने आइसक्रीम का फोटो भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है, जो खूब वायरल हो रहा है।
