logo

कथित अश्लील वीडियो विवाद में कर्नाटक के डीजीपी रामचंद्र राव निलंबित

्ुजकोलो.jpg

द फॉलोअप डेस्क
कर्नाटक के डीजीपी रामचंद्र राव को निलंबित कर दिया गया है। उनके दफ्तर में आपत्तिजनक हरकत से जुड़ा एक कथित वीडियो सामने आया, जिसके बाद यह कार्रवाई हुई। इस घटना को लेकर कर्नाटक में काफी हंगामा है। वहीं रामचंद्र राव ने सभी आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि वीडियो नकली और बदला हुआ है, उन्हें जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है। इस मामले पर डीजीपी रामचंद्र राव की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि मैं पूरी तरह हैरान हूं। यह वीडियो मनगढ़ंत हैं। मेरा इनसे कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि आज के समय में किसी का भी फर्जी वीडियो बनाना संभव है और यह उनकी इमेज खराब करने की साजिश हो सकती है। रामचंद्र राव ने बताया कि वे करीब आठ साल पहले बेलगावी में तैनात थे और उस घटना को हुए काफी वक्त बीत चुका है। 


उन्होंने बताया कि इस मामले में अपने वकील से सलाह ली गई है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। राव ने कहा कि यह सब उनके लिए बेहद हैरान करने वाला है। सामने आया वीडियो पूरी तरह गलत है। उनका कहना है कि बिना सही जांच के किसी नतीजे पर नहीं पहुंचा जा सकता, इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है। इस विवाद के दौरान राव ने गृह मंत्री से भी मुलाकात की। ऑफिस में अश्लील हरकत वायरल वीडियो में साफ-साफ देखा जा सकता है कि कैसे डीजीपी अपने दफ्तर में वर्दी पहने हुए हैं और महिलाओं को हग-किस कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, यह वीडियो डीजीपी कार्यालय में बिना किसी को बताए लिया गया है।


हालांकि अधिकारी पर किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के आरोप नहीं लगे हैं, लेकिन आधिकारिक ड्यूटी के दौरान कथित तौर पर हुई इन हरकतों की आलोचना की जा रही थी। इंडिया टुडे के मुताबिक डीजीपी से जुड़ा यह विवाद कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया तक भी पहुंचा था। उन्होंने वीडियो सर्कुलेट होने के बाद संबंधित विभाग से ब्रीफिंग भी ली थी। सूत्रों का कहना है कि फुटेज देखने के बाद मुख्यमंत्री बहुत गुस्से में थे और उन्होंने इस बारे में जानकारी मांगी है कि पुलिस विभाग में ऐसी घटना कैसे हो सकती है.बताते चलें कि यह पहली बार नहीं है, जब IPS रामचंद्र राव विवादों में घिरे हैं। इससे पहले उनकी बेटी रान्या राव का सोने की तस्करी से जुड़े मामले में नाम आ चुका है। रान्या को इसमें आरोपी भी बनाया गया है. बहरहाल इस विवाद के बीच रामचंद्र राव ने मामले पर चर्चा करने के लिए गृह मंत्री से भी मुलाकात की थी।