कोडरमा:
कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के पेठियाबागी में गुरुवार रात एक युवक की घर के आंगन में बने कुएं में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय दीपक साव उर्फ कल्लू साव के रूप में हुई है। घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, पत्नी से विवाद के बाद युवक ने कुएं में छलांग लगाई थी। हालांकि, मृतक के पिता ने पैर फिसलने से कुएं में गिरने की बात कही है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
.jpeg)
राशन की दुकान बंद कर घर पहुंचा था युवक
जानकारी के अनुसार, दीपक साव की राशन की दुकान थी। गुरुवार रात वह दुकान बंद करने के बाद अपने घर पहुंचा। इसके कुछ देर बाद ही किसी बात को लेकर उसका अपनी पत्नी से विवाद हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि विवाद के बाद गुस्से में आकर दीपक ने घर के आंगन में बने कुएं में छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि दीपक पहले भी गुस्से में कुएं में छलांग लगा चुका था। वह तैरना जानता था और कुछ देर बाद खुद ही कुएं से बाहर निकल आता था। इसी वजह से घटना के समय घरवालों और आसपास के लोगों ने शुरुआत में इसे गंभीरता से नहीं लिया।

काफी देर बाद कुएं में स्थिर मिला युवक
परिजनों और ग्रामीणों को लगा कि दीपक तैरकर खुद ही कुएं से बाहर निकल आएगा। इसलिए उसे कुछ देर तक कुएं में ही रहने दिया गया। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह बाहर नहीं निकला, तो लोग कुएं के पास पहुंचे। कुएं में झांककर देखने पर दीपक पानी की सतह पर स्थिर पड़ा दिखाई दिया। इसके बाद परिजन और ग्रामीणों ने उसे कुएं से बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयनगर लेकर पहुंचे।
.jpeg)
गंभीर हालत में सदर अस्पताल किया गया रेफर
जयनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने दीपक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सदर अस्पताल कोडरमा रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतक के परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
.jpeg)
पिता ने पैर फिसलने से कुएं में गिरने की बताई वजह
मृतक के पिता छोटन साव ने बताया कि दीपक दुकान से घर लौटने के बाद कुएं पर हाथ-पैर धोने गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं, आसपास के ग्रामीणों का कहना है कि दीपक का अक्सर अपनी पत्नी से विवाद होता रहता था। गुस्से में वह पहले भी कुएं में छलांग लगा चुका था और बाद में खुद बाहर निकल आता था।
कुएं में अधिक पानी होने से मौत की आशंका
ग्रामीणों के अनुसार, गुरुवार को भी दीपक के कुएं में छलांग लगाने के बाद लोगों ने सोचा कि वह पहले की तरह खुद बाहर निकल आएगा। इसी कारण उसे तुरंत कुएं से बाहर नहीं निकाला गया। आशंका जताई जा रही है कि कुएं में पानी अधिक होने के कारण वह बाहर नहीं निकल पाया और डूबने से उसकी मौत हो गई। दीपक साव के परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।