द फॉलोअप डेस्क
श्रीनगर में आयकर विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में IT विभाग ने हवाला नेटवर्क के जरिये 800 करोड़ रुपये के निवेश का पर्दाफाश किया है। इसके तार श्रीनगर से लेकर दुबई तक जुड़े हैं। विभाग ने श्रीनगर के साथ मुंबई, दिल्ली और हैदराबाद में भी दबिश दी है। बताया जा रहा है कि अकेले कश्मीर में 50 करोड़ की संपत्ति के सौदे के दस्तावेज और एक करोड़ नकद जब्त किया गया है।
बिचौलिए के ठिकानों पर भी हुई छापेमारी
विभागीय सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई इस सप्ताह की शुरुआत में की गई है। हवाला कारोबार में कश्मीर के KCI एम्पोरियम समूह और दुबई स्थित संपत्ति दलालों पर शिकंजा कसा गया है। अधिकारियों की माने तो प्रारंभिक निष्कर्षों से पता चला है कि कश्मीर के कई लोगों ने दुबई और संयुक्त अरब अमीरात में संपत्तियों में निवेश करने के लिए हवाला के जरिये लेनदेन किया है। इसमें दुबई की संपत्तियों में 800 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया गया है। बता दें कि इसमें शामिल बिचौलिए के ठिकानों पर भी छापे मारे गए हैं।
भारत के विभिन्न शहरों में की जा रही जांच
अधिकारियों का कहना है कि हवाला कारोबार का खुलासा होने पर भारत के विभिन्न शहरों में जांच की जा रही है। इस दौरान गिरोह में शामिल लोग जांच के दायरे में हैं। विभाग ने बताया कि आयकर अधिनियम, 1961 और काला धन (अघोषित विदेशी आय और संपत्ति) और कर अधिनियम, 2015 के प्रावधानों के तहत मामले की गहन जांच जारी है।
